RFBL Flexi Pack IPO Listing: फ्लेक्सिबल पैकेजिंग मैटेरियल्स बनाने वाली आरएफबीएल फ्लेक्सी पैक के शेयरों की आज NSE SME पर प्रीमियम एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल इसे 21 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹50 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी ₹52.50 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 5% का लिस्टिंग गेन (RFBL Flexi Pack Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹53.50 (RFBL Flexi Pack Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 7% मुनाफे में हैं।
RFBL Flexi Pack IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
आरएफबीएल फ्लेक्सी पैक का ₹35 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 12-14 मई तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 21.48 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 124.39 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 24.12 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 11.36 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 70.65 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹12.41 करोड़ कैपिटल एक्सपेंडिचर की जरूरतों, ₹17.76 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
RFBL Flexi Pack के बारे में
जुलाई 2005 में बनी आरएफबीएल फ्लेक्सी पैक प्लास्टिक फिल्म रोल्स और पाउच जैसे मल्टीलेयर फ्लेक्सिबल्स पैकेजिंग मैटेरियल्स बनाती। इनका इस्तेमाल फूड, फार्मा और होम केयर समेत कई इंडस्ट्रीज में पैकेजिंग को लेकर होता है। कंपनी वुवन फैब्रिक पैकेजिंग मैटेरियल, पॉलीएस्टर लेमिनिटेड और अन्य टाइप की फिल्म्स के भी बिजनेस में है। कंपनी बी2बी मॉडल के तहत काम करती है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी गुजरात के हिम्मतनगर में है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹67 लाख का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹5.79 करोड़ और फिर वित्त वर्ष 2025 में ₹8.33 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम भी सालाना 70% की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹135.46 करोड़ पर पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2025 में कंपनी को ₹3.84 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹69.66 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ था। सितंबर 2025 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹17.51 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹5.59 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।