नॉन बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) मुथूट फिनकॉर्प के बोर्ड ने IPO प्लान को मंजूरी दे दी है। कंपनी इसके जरिए 4,000 करोड़ रुपये तक की राशि जुटाएगी। इस IPO में 10 रुपये फेस वैल्यू वाले नए इक्विटी शेयर जारी होंगे। इन पैसों का इस्तेमाल भविष्य में ग्रोथ के लिए किया जा सकता है। IPO कब तक आएगा, इसे लेकर अभी कोई घोषणा नहीं हुई है। कंपनी ने कहा है कि यह इश्यू बाजार की स्थितियों, रेगुलेटरी मंजूरियों और अन्य लागू क्लीयरेंसेज पर निर्भर करेगा। अभी इस प्रपोजल पर शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लिया जाना बाकी है।
वित्त वर्ष 2026 में IPO गतिविधियां बहुत धीमी रहीं। वित्त वर्ष 2025 में कंपनियों ने रिकॉर्ड मात्रा में IPO से फंड जुटाया था। मुथूट फिनकॉर्प ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 1,640 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया। एक साल पहले मुनाफा 787 करोड़ रुपये था।
स्टॉक स्प्लिट को भी मंजूरी
बोर्ड की मीटिंग में स्टॉक स्प्लिट को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले एक इक्विटी शेयर को 2 रुपये फेस वैल्यू वाले 5 इक्विटी शेयरों में तोड़ा जाएगा। मीटिंग में 1 जुलाई, 2026 से लेकर 30 जून, 2027 तक की अवधि के लिए नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर (NCDs) के पब्लिक इश्यू के जरिए फंड जुटाने को भी मंजूरी दी गई। कंपनी 4,000 करोड़ रुपये तक के NCD जारी करेगी।
इसके अलावा नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर, परपेचुअल डेट इंस्ट्रूमेंट्स और सबऑर्डिनेटेड डेट के प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए और 4,000 करोड़ रुपये तक जुटाए जाएंगे। मुथूट फिनकॉर्प ने कमर्शियल पेपर जारी करके फंड जुटाने को भी मंजूरी दी है। इसके तहत कुल इश्यू लिमिट 30,000 करोड़ रुपये और किसी भी समय अधिकतम बकाया सीमा 10,000 करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।