जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड ने IPO के लिए ड्राफ्ट को मंजूरी दे दी है। इसे सेबी के पास आज, 19 जून को ही जमा किया जाएगा। यह जानकारी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने 49वीं सालाना आम बैठक में दी। Jio IPO का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। इस पर अपडेट को लेकर सभी की निगाहें थीं। शेयरहोल्डर्स को संबोधित करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा...
'जियो प्लेटफॉर्म्स के बोर्ड ने IPO के लिए इसके ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस को मंजूरी दे दी है, और इसे आज ही सेबी के पास जमा किया जाएगा। यह मेरे लिए, पूरे रिलायंस परिवार और उसके लाखों शेयरधारकों के लिए एक गहरा भावनात्मक क्षण है। आकाश, ईशा और अनंत जियो IPO की प्रक्रिया का नेतृत्व कर रहे हैं और भविष्य में वैल्यू क्रिएशन के अवसरों की अगली पीढ़ी का नेतृत्व करेंगे।'
मुकेश अंबानी ने आगे कहा, "जियो की प्रस्तावित लिस्टिंग दुनिया को दिखाएगी कि भारत वैश्विक स्तर की, वैश्विक क्षमता को टक्कर देने वाली और वैश्विक मूल्य की टेक्नोलॉजी कंपनियां बना सकता है। मैं आपको और सभी संभावित नए निवेशकों को आश्वासन देता हूं कि एक उज्जवल भविष्य Jio का इंतजार कर रहा है।"
मुकेश अंबानी के मुताबिक, '10 साल पहले Jio ने भारत से डिजिटल असमानता को दूर करने का सपना लेकर अपनी यात्रा शुरू की थी। उस समय वॉइस कॉल महंगी थी, डेटा महंगा था। जियो ने हर भारतीय के लिएवॉइस कॉल फ्री बनाई, हाई स्पीड डेटा किफायती बनाया और जियो ने डिजिटल जीवन को संभव बनाया।'
देश का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू बन सकता है Jio IPO
Jio की संभावित लिस्टिंग को भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO माना जा रहा है। रॉयटर्स की जनवरी 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, यह पब्लिक इश्यू 400 करोड़ डॉलर तक का रह सकता है। भारत में अभी तक सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू Hyundai Motor India का रहा है। यह अक्टूबर 2024 में आया था और इसका साइज 27,858.75 करोड़ रुपये या 294.97 करोड़ डॉलर रहा था।
52.4 करोड़ से ज्यादा सब्सक्राइबर्स के साथ, जियो भारत का सबसे बड़ा डिजिटल प्लेटफॉर्म है। जियो 5G के सब्सक्राइबर्स की संख्या 26.8 करोड़ है। कंपनी ने पिछले साल 7.7 करोड़ नए 5G सब्सक्राइबर जोड़े और 2030 तक सभी यूजर्स को 5G पर लाने का लक्ष्य रखा है। जियो एयरफाइबर (JioAirFiber) 1.3 करोड़ घरों को कनेक्ट करता है। हर दिन लगभग 60,000 नए घर इससे जुड़ रहे हैं।
Disclaimer: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।