RVNL Q4 Results: सरकारी रेल कंपनी का मुनाफा 59% गिरा, फिर भी डिविडेंड का ऐलान

RVNL Q4 Results: सरकारी रेल कंपनी RVNL का चौथी तिमाही का मुनाफा करीब 59% घटकर 187 करोड़ रुपये रह गया। वहीं, रेवेन्यू में बढ़ोतरी दर्ज हुई। कंपनी ने डिविडेंड का भी ऐलान किया है। जानिए रिजल्ट और शेयरों का पूरा हाल।

अपडेटेड May 25, 2026 पर 7:30 PM
Story continues below Advertisement
RVNL का शेयर BSE पर 0.52% की बढ़त के साथ 272.55 रुपये पर बंद हुआ।

RVNL Q4 Results: रेल मंत्रालय के तहत आने वाली नवरत्न सरकारी कंपनी रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) ने वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 58.9% घटकर 187.1 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 455.4 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया था।

हालांकि मुनाफे में बड़ी गिरावट के बावजूद कंपनी की कमाई में बढ़ोतरी हुई है। इससे साफ है कि कारोबार बढ़ा है, लेकिन मुनाफे पर दबाव बना हुआ है।

रेवेन्यू बढ़ा, लेकिन EBITDA घटा


मार्च तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 4.2% बढ़कर 6,696 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले इसी अवधि में यह 6,427.1 करोड़ रुपये था।

दूसरी ओर कंपनी की परिचालन स्तर की कमाई यानी EBITDA में गिरावट देखने को मिली। यह 38.4% घटकर 268.5 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल समान तिमाही में EBITDA 436.1 करोड़ रुपये था।

मार्जिन पर भी दबाव

RVNL का EBITDA मार्जिन भी कमजोर हुआ है। यह घटकर 4% रह गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 6.8% था। यानी कंपनी की कमाई बढ़ने के बावजूद उसका मुनाफा पहले के मुकाबले कम रहा।

मार्जिन में लगभग 300 बेसिस प्वाइंट की गिरावट आई है, जो बताती है कि लागत बढ़ने का असर कंपनी के नतीजों पर पड़ा है।

डिविडेंड की सिफारिश

RVNL के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 0.71 रुपये के अंतिम डिविडेंड की सिफारिश की है।

हालांकि डिविडेंड का भुगतान शेयरधारकों की मंजूरी के बाद ही किया जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव को आगामी वार्षिक आम बैठक (AGM) में रखा जाएगा। कंपनी ने कहा है कि मंजूरी मिलने के बाद डिविडेंड की घोषणा की तारीख से 30 दिनों के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा।

जॉइंट वेचर बंद होगा

RVNL ने एक और महत्वपूर्ण जानकारी दी है। RVNL ने बताया कि मध्य एशिया के किर्गिस्तान में उसकी संयुक्त उद्यम कंपनी Kyrgyzindustry-RVNL CJSC को बंद किया जा रहा है। यह संयुक्त उद्यम किर्गिस्तान में परियोजनाओं और कारोबार से जुड़े कामों के लिए बनाया गया था।

1,000 करोड़ के ऑर्डर

RVNL को हाल ही में कुछ बड़े रेलवे प्रोजेक्ट भी मिले थे। RVNL ने बताया था कि उसे NMDC और पश्चिम मध्य रेलवे से करीब 1,000 करोड़ रुपये के रेलवे प्रोजेक्ट्स से जुड़े ठेके हासिल हुए हैं। इन नए ऑर्डरों से कंपनी की ऑर्डर बुक को मजबूती मिली है।

RVNL के शेयरों का हाल

नतीजों से पहले RVNL का शेयर BSE पर 0.52% की बढ़त के साथ 272.55 रुपये पर बंद हुआ। 1 महीने में स्टॉक 10.87% गिरा है। वहीं, 1 साल में इसने करीब 33.82% का नेगेटिव रिटर्न दिया है। हालांकि, 5 साल में इसने 843.60% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।