RVNL Share Price: घरेलू स्टॉक मार्केट में उठा-पटक के बीच आज रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के शेयर BSE पर इंट्रा-डे में 4 फीसदी से अधिक उछल गए। शेयरों में तेजी का यह रुझान इंदौर मेट्रो के चलते है। रेल विकास निगम के ज्वाइंट वेंचर ने इंदौर मेट्रो रेल प्रोजेक्ट कांट्रैक्ट के लिए सबसे कम बोली पेश की है। इसी के चलते शेयर उछल रहे हैं। इंट्रा-डे में यह बीएसई पर 4.12 फीसदी उछलकर 185.60 रुपये पर पहुंच गया। मुनाफावसूली पर भाव नरम पड़े और यह रेड जोन में आ गया। दिन के आखिरी में BSE पर यह 0.14 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ 178.00 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
Indore Metro Rail Project के लिए क्या काम करेगी ज्वाइंट वेंचर
RVNL-URC के ज्वांइंट वेंचर ने इंदौर मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के लिए सबसे कम बोली पेश की है। इस प्रोजेक्ट के तहत ज्वाइंट वेंचर को ऊंचाई पर एक वायाडक्ट यानी ओवरब्रिज डिजाइन कर तैयार करना है। इसके अलावा यह सड़क से ऊपर पांच मेट्रो रेल स्टेशन्स (शहीद बाद, खजराना चौराहा, बंगाली चौराहा, पत्रकार कॉलोनी और पलासिया चौराहा) बनाना है। इस प्रोजेक्ट के तहत ज्वाइंट वेंचर को रैंप भी बनाना है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने 1092 दिन में पूरा बनने के लिए 543 करोड़ रुपये अवार्ड किए हैं।
RVNL का कारोबार कैसा चल रहा
रेल विकास निगम के मौजूदा कारोबार की बात करें तो केंद्रीय रेलवे से इसे 311.2 करोड़ रुपये का लेटर ऑफ एस्सेप्टेंस (LoA) मिल चुका है। इस प्रोजेक्ट के तहत यह दाराकोह मरमझीरी सेक्शन में 831.8 किमी से 841.9 किमी के बीच बैलेस्टेलेस ट्रैक वाले 1.6 किमी की कुल लंबाई के 4 टनल, 2 अहम पुल, 1 बड़ा पुल और 25 छोटे-छोटे पुल, स्टोन बैलेस्ट की सप्लाई, ट्रैक लिंकिंग, साइड ड्रेन रिटेनिंग वाल इत्यादि का काम करेगी। यह पूरा काम 18 महीने की भीतर पूरा करना है।
अब कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो सितंबर 2023 तिमाही में इसका कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 3.5 फीसदी उछलकर 394.4 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। ऐसा नहीं है कि कंपनी के साथ सब कुछ पॉजिटिव ही है। सितंबर 2023 तिमाही तक इसका आधा बोर्ड स्वतंत्र नहीं था तो इसके चलते पिछले महीने बीएसई और एनएसई ने इस पर 5,42,800-5,42,800 रुपये का जुर्माना लगाया था।