Sammaan Capital Share Price: सम्मान कैपिटल के शेयरों में आज खरीदारी का ऐसा जोरदार रुझान दिखा कि शुरुआती कारोबार में ही यह करीब 12% उछल पड़ा। इसके शेयरों में शानदार बढ़त मार्च 2026 तिमाही के धमाकेदार कारोबारी नतीजे पर आई है जिसे कंपनी ने 20 मई को इक्विटी मार्केट का कारोबार बंद होने के बाद पेश किया था। कंपनी ने अपनी बैलेंस शीट की ऐसी सफाई की है कि एनपीए जीरो हो गया तो शेयरों में जोश आया और यह रॉकेट बन गया। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। फिलहाल बीएसई पर यह 10.69% की बढ़त के साथ ₹156.90 पर है। इंट्रा-डे में यह 11.85% चढ़कर ₹158.55 तक पहुंच गया था। आज की बढ़त के साथ सम्मान कैपिटल इस साल अब तक ग्रीन जोन में पहुंच गया।
