एचडीएफसी बैंक की गवर्नेंस, नॉमिनेशन और रिम्यूनरेशन कमेटी (जीएनआरसी) अगले महीने शशिधर जगदीशन को फिर से बैंक के एमडी और सीईओ नियुक्त करने के प्रस्ताव पर विचार और सिफारिश करेगी। यह बैठक 15-17 जुलाई को होगी। कई सूत्रों ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी। एचडीएफसी बैंक ने 29 जून को पूर्व फाइनेंस सेक्रेटरी राजीव कुमार को अपना पार्ट-टाइम नॉन-एग्जिक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त कर दिया। हालांकि, इसके लिए आरबीआई की मंजूरी जरूरी है।
18 जुलाई को तिमाही नतीजों का भी ऐलान करेगा बैंक
आरबीआई के एप्रूवल के बाद एचडीएफसी बैंक का बोर्ड दोबारा जगदीशन की नियुक्ति के बारे में फैसला लेगा। इस मामले से जुड़े एक सूत्र ने बताया, "इस प्रोसेस के 18 जुलाई तक पूरा हो जाने की उम्मीद है। तब बैंक FY27 की पहली तिमाही के नतीजों का भी ऐलान करेगा।" मनीकंट्रोल ने 17 जून को खबर दी थी कि आरबीआई ने एचडीएफसी बैंक को चेयरमैन की नियुक्ति की प्रक्रिया तेज करने को कहा है।
सीईओ पद पर तीसरी बार जगदीशन की नियुक्ति में नहीं आएगी दिक्कत
एचडीएफसी बैंक में सीईओ के नियुक्ति के बारे में फैसले के लिए रेगुलर पार्ट-टाइम चेयरमैन का होना जरूरी था। सूत्रों ने बताया कि सीईओ पद पर जगदीशन की तीसरी बार नियुक्ति में किसी तरह की दिक्कत आने की उम्मीद नहीं है। एक दूसरे सूत्र ने कहा, "फिलहाल, अभी कोई विकल्प सामने नहीं आया है। लेकिन इस बारे में अंतिम फैसला आरबीआई के अपने विचार करने के बाद ही लिया जाएगा।"
लीडरशिप से जुड़े मसले हल होने के बाद बैंक की ग्रोथ बढ़ेगी
पहले ऐसा हो चुका है कि ICICI Bank, Axis Bank और इंडसइंड बैंक के बोर्ड की सिफारिश के बाद भी आरबीआई ने चेयरमैन के कार्यकाल को घटाया है। 18 जून को एचडीएफसी बैंक के बोर्ड ने केकी मिस्त्री का कार्यकाल 90 दिनों के लिए या तब तक बढ़ाने का फैसला लिया था, जब तक नए चेयरमैन की नियुक्ति नहीं हो जाती। एक सीनियर बैंकिंग एनालिस्ट ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर कहा, "बैंक में लीडरशिप से जुड़े मसले हल होने के अंतिम चरण में हैं। इसके बाद बैंक ग्रोथ के रास्ते पर तेजी से बढ़ेगा।"
अगली जनरल मीटिंग में कुमार के कमेंट पर होगी नजरें
राजीव कुमार की नियुक्ति पार्ट-टाइम चेयरमैन के रूप में होने के बाद भी 30 जून को एचडीएफसी बैंक के शेयरों पर ज्यादा असर नहीं दिखा। एनालिस्ट्स का कहना है कि अगली जनरल मीटिंग में कुमार के कमेंट पर नजरें होंगी। खासकर यह देखना होगा कि मार्च में बैंक के बोर्ड की मीटिंग में गवर्नेंस को लेकर जो मसले आए थे, उसके बारे में कुमार क्या कहते हैं। इसके बाद ही बैंक के शेयरों की चमक बढ़ेगी।
राजीव कुमार की नियुक्ति का असर शेयरों पर नहीं दिखा
एचडीएफसी बैंक ने 29 जून को एक्सिस बैंक के सीएफओ पुनीत शर्मा को अपना सीएफओ नियुक्त करने का ऐलान किया। वह 1 दिसंबर से नई जिम्मेदारी संभालेंगे। वह मौजूदा सीएफओ श्रीनिवासन वैद्यनाथन की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल अक्तूबर में खत्म हो रहा है। इसका भी असर एचडीएफसी बैंक के शेयरों पर दिखेगा। 30 जून को एचडीएफसी बैंक का शेयर 0.28 फीसदी की हल्की तेजी के साथ 801 रुपये पर चल रहा था।