SBI Share Price: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) इंफ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड जारी करके 10,000 करोड़ रुपए जुटाने की तैयारी में है। देश के सबसे बड़े बैंक SBI ने रेगुलेटर को दी गई जानकारी में बताया कि फिस्कल ईयर 2023 में वह इंफ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड (Infrastructure Bond) इश्यू करके फंड जुटाने वाला है। फिस्कल ईयर 2023 खत्म होने में अब सिर्फ 4 महीने बाकी हैं। बैंक 10,000 करोड़ रुपए का जो इंफ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड जारी करेगा उनमें से 5000 करोड़ रुपए का ग्रीनशू (Greenshoe) होगा। SBI ने बताया कि यह बॉन्ड प्राइवेट प्लेसमेंट या पब्लिक इश्यू के जरिए जारी किया जाएगा।
SBI सेंट्रल बोर्ड के एग्जीक्यूटिव कमिटी की बैठक 29 नवंबर को होने वाली है। इस बैठक में ही इंफ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड के जरिए फंड जुटाने पर विचार किया जाएगा। SBI के चेयरमैन दिनेश खारा ने 23 नवंबर को कहा था कि उम्मीद है कि लोन ग्रोथ बढ़ने के बाद भी बैंक अपनी एसेट क्वालिटी को बनाए रखने में कामयाब रहेगा।
जुलाई-सितंबर तिमाही में SBI का ग्रॉस NPA घटकर 3.52% रहा। यह फिस्कल ईयर 2023 की पहली तिमाही में 3.91% और फिस्कल ईयर 2022 की दूसरी तिमाही में 4.9% था। ठीक इसी तरह बैंक का नेट NPAs घटकर सितंबर 2022 तिमाही में 0.8% रहा। यह जून 2022 तिमाही में 1% और सितंबर 2021 तिमाही में 1.52% था। इतना ही नहीं जुलाई-सितंबर तिमाही में SBI की क्रेडिट ग्रोथ रिकॉर्ड 19.93% रही। गुरुवार को SBI का शेयर प्राइस 0.32% बढ़कर 609.60 रुपए रहा।