SC Agrotech: इस मल्टीबैगर शेयर में लगातार 4 दिन से लग रहा अपर सर्किट, 6 महीने में 228% उछला शेयर

SC Agrotech के शेयर ने 6 महीने में 228 फीसदी और 1 साल में करीब 267 फीसदी का रिटर्न दिया है। स्टॉक स्प्लिट, बोनस इश्यू और WebCodeGenie से मिले निवेश प्रस्ताव के बीच शेयर में लगातार अपर सर्किट लग रहा है

अपडेटेड Nov 20, 2026 पर 10:37 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
SC Agrotech के शेयर ने 6 महीने में 228 फीसदी और 1 साल में करीब 267 फीसदी का रिटर्न दिया है।

स्मॉलकैप कंपनी SC Agrotech के शेयरों में खरीदारी थमने का नाम नहीं ले रही। 19 नवंबर, गुरुवार को शेयर करीब 5 फीसदी चढ़कर फिर अपर सर्किट में अटक गया। लगातार 4 सेशन से इसमें अपर सर्किट लग रहा है और शेयर 52 हफ्ते के नए हाई पर पहुंच गया है। यह तेजी ऐसे वक्त में आई है, जब कंपनी ने कई कॉरपोरेट एक्शन का ऐलान किया है। इनमें स्टॉक स्प्लिट, बोनस इश्यू और विस्तार योजनाओं के लिए संभावित स्ट्रैटेजिक निवेश शामिल हैं।

BSE पर 75.79 रुपये पर लॉक हुआ शेयर

BSE पर SC Agrotech का शेयर 72.19 रुपये पर खुला। इसके बाद यह 5 फीसदी के अपर सर्किट के साथ 75.79 रुपये पर लॉक हो गया। यही भाव इसका नया 52 हफ्ते का हाई भी है। मतलब उस दिन शेयर इस लेवल से ऊपर जा ही नहीं सकता था।


कंपनी का मार्केट कैप 575.97 करोड़ रुपये है। SC Agrotech बीज, कीटनाशक, कॉन्ट्रैक्ट फार्मिंग, फर्टिलाइजर और एग्रो प्रोसेसिंग का कारोबार करती है। खेती से जुड़ी इस कंपनी का शेयर पिछले कुछ महीनों से बाजार में लगातार चर्चा में बना हुआ है, और इसकी वजह इसके रिटर्न के आंकड़ों में दिखती है।

हर पैमाने पर जबरदस्त रिटर्न

पिछले 1 हफ्ते में शेयर 27 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। 1 महीने में इसकी बढ़त 125 फीसदी की है। 6 महीने का हिसाब देखें तो शेयर 228 फीसदी ऊपर है, जबकि 1 साल में यह करीब 267 फीसदी चढ़ चुका है। इस साल की शुरुआत से अब तक के हिसाब से, यानी YTD आधार पर, शेयर 94.48 फीसदी मजबूत हुआ है।

लॉन्ग टर्म में तस्वीर और भी बड़ी है। BSE एनालिटिक्स के मुताबिक शेयर ने 2 साल में 410 फीसदी और 3 साल में 392 फीसदी का रिटर्न दिया है। 2 साल पहले इसमें 1 लाख रुपये लगाने वाले निवेशक की रकम अब तक बढ़कर 5.1 लाख रुपये हो चुकी होती।

11 दिसंबर की EGM में स्टॉक स्प्लिट और बोनस पर फैसला

शेयर में ताजा तेजी कंपनी के ऐलान के अगले ही दिन आई। बुधवार को एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि बोर्ड ने 11 दिसंबर 2026, शुक्रवार को एक्स्ट्राऑर्डिनरी जनरल मीटिंग यानी EGM बुलाने को मंजूरी दी है। इस मीटिंग में शेयरधारक कई अहम कॉरपोरेट एक्शन पर विचार करेंगे और उन्हें मंजूरी देंगे।

एजेंडे का बड़ा प्रस्ताव स्टॉक स्प्लिट से जुड़ा है। फाइलिंग के मुताबिक कंपनी के इक्विटी शेयरों को 10 रुपये की फेस वैल्यू से 1 रुपये फेस वैल्यू प्रति इक्विटी शेयर में स्प्लिट करने पर विचार और मंजूरी दी जाएगी। इसके साथ बोनस शेयर जारी करने और कंपनी की ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल बढ़ाने का प्रस्ताव भी एजेंडे में है।

बोर्ड इन दोनों कॉरपोरेट एक्शन को Q2 नतीजों के साथ ही हरी झंडी दे चुका है। उसने 1 शेयर को 10 में बांटने और हर 5 शेयर पर 4 बोनस शेयर देने को मंजूरी दी थी। प्लान के मुताबिक पहले हर मौजूदा शेयर 10 शेयरों में बंटेगा। इसके बाद योग्य शेयरधारकों को हर 5 शेयर पर 4 बोनस शेयर मिलेंगे। यह सब लागू होने वाली रिकॉर्ड डेट और जरूरी मंजूरियों पर निर्भर करेगा।

हिसाब ऐसे बैठेगा। मान लीजिए किसी निवेशक के पास अभी SC Agrotech के 100 शेयर हैं। स्प्लिट के बाद ये 1000 शेयर हो जाएंगे। फिर हर 5 शेयर पर 4 बोनस के हिसाब से उसे 800 शेयर और मिलेंगे। आखिर में उसके पास कुल 1800 शेयर होंगे।

48 महीने में 40 करोड़ तक के निवेश का प्लान

कॉरपोरेट एक्शन के साथ कंपनी के विस्तार की कहानी भी आगे बढ़ रही है। SC Agrotech को WebCodeGenie से नॉन बाइंडिंग लेटर ऑफ इंटेंट यानी LoI मिला है। यह LoI कंपनी के डिजिटल एग्रीकल्चर प्लेटफॉर्म AgriBridge में संभावित स्ट्रैटेजिक निवेश और इंटरनेशनल लेवल पर उसके कमर्शियलाइजेशन में साझेदारी से जुड़ा है। नॉन बाइंडिंग होने का मतलब है कि फिलहाल यह इरादे का लेटर है, पक्का करार नहीं।

प्रस्तावित इंतजाम के तहत सब्सक्रिप्शन के तुरंत बाद भी SC Agrotech के पास 75 फीसदी ओनरशिप बनी रहने की उम्मीद है। कंपनी ने यह भी बताया है कि इस प्रस्ताव में मौजूदा शेयर बेचकर लिस्टेड पेरेंट कंपनी को नकद रकम मिलने जैसी कोई बात शामिल नहीं है। इक्विटी सब्सक्रिप्शन के अलावा इस प्रस्ताव में विस्तार का पूरा प्रोग्राम भी है। इसके तहत 48 महीनों में 40 करोड़ रुपये तक का निवेश होना है।

Short Term Stocks: फार्मा से लेकर रेलवे तक, इन 5 शेयरों में बना शॉर्ट टर्म में कमाई का मौका

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।