गोल्ड की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर चल रही हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि ग्लोबल टैरिफ वॉर और जियोपॉलिटिकल स्थितियों को देखते हुए गोल्ड में तेजी जारी रहने के आसार हैं। बीते तीन महीनों में गोल्ड करीब 15 फीसदी चढ़ा है। इसके भाव 90000 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब पहुंच गए हैं। सवाल है कि क्या यह सेंको गोल्ड के शेयरों में निवेश करने का सही वक्त है?
चौथी तिमाही में 18-20 फीसदी रेवेन्यू ग्रोथ की उम्मीद
सेंको गोल्ड (SGL) के रेवेन्यू में गोल्ड एक्सचेंज की करीब 35 फीसदी हिस्सेदारी है। गोल्ड की कीमतें बढ़ने पर पुराने गोल्ड की वैल्यू भी बढ़ जाती है। इससे ज्वैलरी की मांग भी स्ट्रॉन्ग रहती है। गोल्ड ज्वैलरी ऐसा एसेट क्लास है, जिसमें कई लोग इनवेस्टमेंट के लिहाज से निवेश करना चाहते हैं। FY25 की चौथी तिमाही में Senco Gold की रेवेन्यू ग्रोथ 18-20 फीसदी रह सकती है। कंपनी का फोकस अपने डिस्ट्रिब्यूशन नेटवर्क के विस्तार पर बना हुआ है।
अगले वित्त वर्ष में 20 नए स्टोर ओपन करने का प्लान
सेंको गोल्ड ने अगले वित्त वर्ष में करीब 20 स्टोर खोलने का प्लान बनाया है। दिसंबर 2024 के अंत में कंपनी के 171 आउटलेट थे। स्टोर की ज्यादा संख्या और नए मार्केट्स में एंट्री से कंपनी का रेवेन्यू बढ़ेगा। कंपनी ने अगले वित्त वर्ष के लिए भी 18-20 फीसदी ग्रोथ का टारगेट तय किया है। इस वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में कंपनी के मार्जिन में इम्प्रूवमेंट दिख सकता है। तीसरी तिमाही में EBITDA मार्जिन साल दर साल आधार पर 700 बेसिस प्वाइंट्स घटकर 3.8 फीसदी रह गया था।
EBITDA मार्जिन 7-8 फीसदी रह सकती है
कंपनी को इस वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में EBITDA मार्जिन बढ़कर 7-8 फीसदी की रेंज में पहुंच जाने की उम्मीद है। कंपनी ने इनवेंट्री पर पूरे लॉस को रियलाइज कर लिया है। गोल्ड ज्वैलरी कंपनियों के लिए कॉस्ट बढ़ रही है। इसकी वजह गोल्ड मेटल लोन पर ज्यादा इंटरेस्ट रेट है। बैंकों ने गोल्ड की कीमतों में तेजी और वैश्विक अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता को देखते हुए इंटरेस्ट रेट्स बढ़ा दिए हैं।
तीन महीनों में स्टॉक्स 50 फीसदी फिसला
बीते तीन महीनों में SGL के शेयरों में 50 फीसदी से ज्यादा गिरावट आई है। इसके मुकाबले निफ्टी 50 और निफ्टी 500 में क्रमश: 2 और 6 फीसदी की गिरावट आई है। एसजीएल के शेयरों का प्रदर्शन Titan Company और Thangamayil Jewlellery जैसी कंपनियों के मुकाबले भी खराब रहा है। दोनों कंपनियों के स्टॉक्स में इस दौरान 5 फीसदी गिरावट आई है। अभी एसजीएल के शेयरों में FY26 की अनुमानित अर्निंग्स के 21 गुना पर ट्रेडिंग हो रही है। यह कुछ रीजनल ज्वैलरी कंपनियों के स्टॉक्स के मुकाबले करीब 35 फीसदी डिस्काउंट है।
यह भी पढ़ें: Bharat Dynamics Stocks: करेक्शन के बीच भी इस शेयर ने किया कमाल, अभी निवेश करने पर हो सकती है मोटी कमाई
क्या आपको निवेश करना चाहिए?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एसजीएल के प्रमोटर्स ने 17 मार्च को 4 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं। इससे कंपनी में उनकी हिस्सेदारी बढ़कर 0.1 फीसदी हो गई है। हालांकि, प्रमोटर्स की यह खरीदारी बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन इससे इनवेस्टर्स का भरोसा बढ़ाने में मदद मिल सकती है। इससे लंबी अवधि में कंपनी की संभावनाओं में निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा। ऐसे में मौजूदा कीमतों पर एसजीएल के शेयरों में निवेश करने से अच्छा मुनाफा मिल सकता है।