Why Sensex-Nifty Falls: लगातार पांच कारोबारी दिनों की गिरावट के सिलसिला इस हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भी जारी रहा लेकिन फिर निचले स्तर से घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स और निफ्टी ने शानदार रिकवरी की और 0.4% से अधिक बढ़त के साथ बंद हुए थे। भारत और अमेरिका के बीच कारोबारी सौदे के ट्रैक पर आने की उम्मीदों पर फैली मार्केट की यह रौनक आज भी जारी रही। हालांकि फिर एकाएक ऐसा हुआ कि मार्केट डीप रेड हो गया। ऑटो, आईटी और फार्मा स्टॉक्स की गिरावट ने ऐसा दबाव बनाया कि सेंसेक्स आज के इंट्रा-डे हाई 84,258.03 से 995.24 प्वाइंट्स फिसलकर 83,262.79 तक आ गया तो निफ्टी टूटकर 25,600 के एकदम करीब 25,603.30 तक आ गया था। हालांकि निचले स्तर पर रिकवरी के साथ ही सेंसेक्स आज 250.48 प्वाइंट्स यानी 0.30% की फिसलन के साथ 83,627.69 और निफ्टी 50 भी 57.95 प्वाइंट्स यानी 0.22% की गिरावट के साथ 25,732.30 पर बंद हुआ है।
