इंडियन मार्केट के लिए सोमवार यानी 29 मई कई मायनों में बहुत खास रहा। मार्केट ओपन होते ही Bank Nifty ने ऊंचाई का अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया। BSE का Sensex भी 63,000 के पार निकल गया। हालांकि, बाद में यह इस स्तर से थोड़ी नीचे आ गया। उधर, Nifty 50 में भी शानदार तेजी देखने को मिली। यह अपनी रिकॉर्ड उंचाई से सिर्फ 264 अंक दूर रह गया है। 29 मई को आई तेजी से इंडिया फिर से दुनिया का पांचवां सबसे बड़ा स्टॉक मार्केट बन गया है। इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन 3.3 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गया है।
छोटे-बड़े सभी शेयरों में तेजी
इंडियन मार्केट में मार्च के आखिर से ही तेजी जारी है। इसकी कई वजहें हैं। विदेशी संस्थागत निवेशकों ने इंडियन मार्केट में फिर से खरीदारी शुरू कर दी है। मार्च तिमाही के कंपनियों के नतीजें उम्मीद से बेहतर रहे हैं। खास बात यह है कि तेजी के इस फेज में छोटे-बड़े सभी शेयरों का योगदान रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि मार्केट जल्द ऊंचाई का नया रिकॉर्ड बना सकता है। BSE का Sensex भी अपने ऑल टाइम हाई के काफी करीब पहुंच गया है। 29 मई को यह एक समय 63,026 अंक पर पहुंच गया था। यह 63,583 के उसके लाइफ टाइम हाई से सिर्फ 583 अंक ही दूर की दूरी है।
सेंसेक्स ने दिया 12 फीसदी रिटर्न
हालांकि, दोपहर बाद सेंसेक्स की बढ़त थोड़ी कम हो गई। 2:32 बजे यह 0.52 फीसदी यानी 326 अंक के उछाल के साथ 62,831 अंक था। बीते एक साल में सेंसेक्स ने 12.86 फीसदी रिटर्न दिया है। 1 दिसंबर, 2022 को इसने अपना लाइफ-टाइम हाई बनाया था। उसके बाद से इसमें गिरावट का रुख था। मार्च के अंत से इसमें तेजी देखने को मिल रही है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अमेरिकी में डेल सीलिंग बढ़ाने पर सहमति बन गई है। इस बिल के अमेरिकी कांग्रेस में 5 जून को पारित हो जाने की उम्मीद है। इसके पारित होने पर इंडिया सहित दुनियाभर के बाजारों में तेजी आने की उम्मीद है। ऐसे में सेंसेक्स और निफ्टी 50 के ऊंचाई के अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ देने की उम्मीद है।
तेजी में बैंकिंग शेयरों का बड़ा हाथ
मार्च के आखिर से शुरू हुई तेजी में बैंकिंग शेयरों का बड़ा हाथ रहा है। 28 मार्च से अब तक SBI का शेयर 16 फीसदी चढ़ा है। आईसीआईसीआई बैंक का शेयर 12 फीसदी उछला है। कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में 15 फीसदी की तेजी दिखी है। एक्सिस बैंक का शेयर भी 12 फीसदी चढ़ चुका है। लेकिन सबसे ज्यादा तेजी इंडसइंड बैंक के शेयरों में आई है। यह 24 फीसदी उछला है। दिग्गज बैंक HDFC Bank के शेयरों में ज्यादा तेजी देखने को नहीं मिली है। यह सिर्फ 3.3 फीसदी चढ़ा है।