Sun Pharmaceutical Industries के शेयर 29 मई को थोड़ा कमजोर खुले। हालांकि, कंपनी के मार्च तिमाही के नतीजे उम्मीद से बेहतर आए हैं। 12:11 बजे कंपनी के शेयर का प्राइस 1.22 फीसदी गिरकर 958.05 रुपये था। मार्च तिमाही में सन फार्मा ने 1,984.5 करोड़ रुपये मुनाफा कमाया है। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी ने 2,227.38 करोड़ रुपये का लॉस उठाया था। दिसंबर तिमाही में कंपनी के नेट प्रॉफिट में 8.3 फीसदी गिरावट आई थी। मार्च 2023 तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू साल दर साल आधार पर 15.7 फीसदी बढ़कर 10,930.6 करोड़ रुपये रहा। EBITDA मार्जिन 25.6 फीसदी रहा, जो एक साल पहले की समान अवधि में 24.8 फीसदी था।
Ilumya की बिक्री 51 फीसदी बढ़ी
Sun Pharma के ग्लोबल स्पेशियलिटी सेगमेंट का रेवेन्यू मार्च तिमाही में साल दर साल आधार पर 31.2 फीसदी बढ़ा, जबकि तिमाही दर तिमाही आधार पर इसकी ग्रोथ 3.8 फीसदी रही। FY23 में ग्लोबल स्पेशियलिटी सेगमेंट का रेवेन्यू 29 फीसदी बढ़कर 87.1 करोड़ डॉलर था। Ilumya की बिक्री 51 फीसदी बढ़कर 47.7 करोड़ डॉलर रहा। इस दवा का इस्तेमाल स्किन से संबंधित बीमारी के लिए किया जाता है, जिसका नाम Plaque Psoriasis है।
मीडियम टर्म में आउटलुक बेहतर
कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज के मुताबिक, सन फार्मा का स्पेशियलिटी पोर्टफोलियो सेल्स में वृद्धि जारी रहने की वजह से अपने ब्रेकइवन प्वाइंट के करीब पहुंच गया है। मार्जिन का मीडियम टर्म आउटलुक अच्छा दिख रहा है। कोटक ने सन फार्मा के शेयरों में निवेश बढ़ाने की सलाह दी है। उसने इसका टारगेट प्राइस बढ़ाकर 1,150 रुपये कर दिया है। कंपनी के मैनेजमेंट ने स्पेशियलिटी और यूएस जेनरिक बिजनेस में रिसर्च और डेवलपमेंट पर निवेश बढ़ने का अनुमान जताया है। यह FY24 में सेल्स का 7-8 फीसदी रह सकता है। मैनजमेंट ने रेवेन्यू की ग्रोथ भी FY24 में करीब 9 फीसदी रहने का अनुमान जताया है।
R&D पर निवेश बढ़ने का अनुमान
निर्मल बंग ने सन फार्मा के बारे में अपनी रिपोर्ट में कहा है, "इस कंपनी को लेकर हमारा नजरिया पॉजिटिव है। अमेरिका में कंपनी का स्पेशियलिटी/ब्रांडेड बिजनेस बढ़ने की उम्मीद है। इंडिया में भी कंपनी के बिजनेस में ग्रोथ है। मजबूत बैलेंसशीट को देखते हुए Dermatology, Ophthalmology और Oncology Specialty segments में अच्छी ग्रोथ की संभावना दिख रही है। R&D पर निवेश बढ़ने के बावूजद कंपनी का EBITDA मार्जिन 26-27 फीसदी बना रहा है।" निर्मल बंग ने इनवेस्टर्स को सन फार्मा के शेयरों को खरीदने की सलाह दी है। उसने इसका टारगेट प्राइस 16.3 फीसदी बढ़ाकर 1,130 रुपये कर दिया है।
Taro के बाकी शेयर भी खरीदने का प्रस्ताव
एनालिस्ट्स का कहना है कि Taro के उम्मीद से कमजोर नतीजों के बावजूद सन फार्मा का प्रदर्शन संतोषजन रहा है। कंपनी ने अपने स्पेशियलिटी बिजनेस पर फोकस बनाए रखा है। Concert के अधिग्रहण से इसका पता चलता है। ICICI Direct ने कहा है कि कंपनी के ग्लोबल स्पेशियलिटी पोर्टफोलियो में मोमेंटम बना हुआ है। नए लॉन्चेज की वजह से इंडियन बिजनेस की ग्रोथ भी अच्छी है। इस ब्रोकरेज फर्म ने कंपनी के शेयरों का टारगेट प्राइस 18 फीसदी बढ़ाकर 1,140 रुपये कर दिया है। सन फॉर्मा ने Taro के बाकी शेयरों को खरीदने का प्रस्ताव पेश किया है।