Sensex-Nifty Closes Flat: शुरुआती कारोबार में 1% से अधिक की तेज गिरावट से उबरते हुए घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स और निफ्टी आखिरकार मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव, कच्चे तेल के उबाल और रुपये के फिसलकर रिकॉर्ड निचले स्तर तक फिसलने के चलते मार्केट पर दबाव बना लेकिन वैल्यू बाइंग के चलते निचले स्तर से मार्केट ने अच्छी रिकवरी की। सेंसेक्स ने आज इंट्रा-डे में 1000 अंकों से अधिक की गिरावट से उबरते हुए इंट्रा-डे के निचले स्तर से 1100 अंकों से अधिक रिकवरी की तो निफ्टी भी 23350 के नीचे फिसलने के बाद रिकवर होकर 23700 के काफी करीब पहुंच गया।
ब्रोडर लेवल पर बात करें तो आज मि़डकैप स्टॉक्स में निचले स्तर पर अच्छी रिकवरी हुई और निफ्टी मिडकैप 100 मामूली गिरावट के साथ बंद होने में सफल रहा। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 में अच्छी रिकवरी नहीं हो पाई और यह 1% से अधिक फिसलकर बंद हुआ। सेक्टरवाइज आज निफ्टी ऑटो और निफ्टी पीएसयू बैंक डेढ़-डेढ़ फीसदी तो निफ्टी मेटल 1% से अधिक कमजोर हुआ लेकिन दूसरी तरफ निफ्टी आईटी ने शुरुआती हल्की बढ़त को और बढ़ाते हुए करीब 3% की मजबूती हासिल की और दिन के आखिरी में ढाई फीसदी से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ तो निफ्टी फार्मा रेड से ग्रीन हुआ और आधे फीसदी से अधिक मजबूत हुआ।
मार्केट की रस्साकसी में ओवरऑल BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक गिर गया यानी निवेशकों की दौलत में डेढ़ लाख करोड़ रुपये से अधिक कम हो गई। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें दिन के आखिरी में आज सेंसेक्स की वीकली एक्सपायरी को सेंसेक्स (Sensex) 77.05 प्वाइंट्स यानी 0.10% की बढ़त के साथ 75,315.04 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 6.45 प्वाइंट्स यानी 0.03% के मामूली उछाल के साथ 23,649.95 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में आज सेंसेक्स 1057.73 प्वाइंट्स गिरकर 74,180.26 तक आया था जिससे यह 1286.34 प्वाइंट्स रिकवर होकर 75,466.60 तक पहुंच गया था तो निफ्टी 50 भी 326.40 प्वाइंट्स फिसलकर 23,317.10 तक आ गया था जिससे यह 378.55 प्वाइंट्स रिकवर होकर 23,695.65 तक पहुंच गया था।
निवेशकों की दौलत में ₹1.63 लाख करोड़ की गिरावट
एक कारोबारी दिन पहले यानी 15 मई 2026 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,60,02,414.097 करोड़ था। आज यानी 18 मई 2026 को मार्केट में मार्केट की उठा-पटक में यह ₹4,58,38,672.10 करोड़ पर आ गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी ₹1,63,741.997 करोड़ घट गई है।
Sensex के 17 शेयर ग्रीन जोन में
सेंसेक्स पर 30 शेयर लिस्टेड हैं जिसमें 17 आज ग्रीन जोन में बंद हुए हैं। सबसे अधिक तेजी आज टेक महिंद्रा, इंफोसिस और भारती एयरटेल में रही। वहीं दूसरी तरफ आज सबसे अधिक गिरावट टाटा स्टील, पावरग्रिड और एसबीआई में रही। नीचे सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी शेयरों के लेटेस्ट भाव और आज उतार-चढ़ाव की डिटेल्स देख सकते हैं-
बीएसई पर आज 4492 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 1264 शेयर मजबूत हुए तो 3034 में गिरावट रही जबकि 194 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 97 शेयर एक साल के हाई और 79 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 14 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 12 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।