Sensex-Nifty Rally: तीन बड़ी वजहों के चलते आज घरेलू स्टॉक मार्केट में शानदार रौनक है। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स और निफ्टी 50 गैप अप के साथ खुले हैं। हर सेक्टर का निफ्टी इंडेक्स आज ग्रीन है। मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स में भी जोरदार खरीदारी हो रही है। ओवरऑल बात करें तो BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप ₹13 लाख करोड़ उछल गया यानी निवेशकों की दौलत इस शानदार रौनक में ₹13 लाख करोड़ से अधिक बढ़ गई है। अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सों की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) फिलहाल 2716.36 प्वाइंट्स यानी 3.64% की बढ़त के साथ 77,332.94 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 797.80 प्वाइंट्स यानी 3.45% के उछाल के साथ 23,921.45 पर है।
इन बड़े वजहों से मार्केट में रौनक
मार्केट में आज शानदार रौनक की मुख्य वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के साथ दो हफ्ते के सीजफायर पर सहमति जताई तो एशियाई मार्केट में चौतरफा रौनक छा गई। मार्केट में इस शानदार रुझान की दूसरी बड़ी वजह सीजफायर के चलते कच्चे तेल में आई नरमी है। सीजफायर के चलते वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI क्रूड) में 19% तक की गिरावट आई है तो ग्लोबल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड में भी 16% तक की गिरावट देखने को मिली है। घरेलू मार्केट में रौनक की एक और बड़ी वजह ये है कि आज आरबीआई के एमपीसी की बैठक में क्या फैसला हुआ, यह सामने आना है।
निवेशकों की दौलत में ₹13.74 लाख करोड़ का उछाल
एक कारोबारी दिन पहले यानी 07 अप्रैल 2026 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,29,26,308.76 करोड़ था। आज यानी 08 अप्रैल 2026 को मार्केट की रौनक में यह ₹4,43,00,914.91 करोड़ पर पहुंच गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी ₹13,74,606.15 करोड़ बढ़ गई है।
सेंसेक्स पर 30 शेयर लिस्टेड हैं जिसमें कोई भी लाल नहीं है। सबसे अधिक तेजी आज इंडिगो और एलएंडटी में है। नीचे सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी शेयरों के लेटेस्ट भाव और आज उतार-चढ़ाव की डिटेल्स देख सकते हैं-
बीएसई पर आज 2679 शेयरों की ट्रेडिंग हो रही है। इसमें 2408 शेयर मजबूत दिख रहे हैं तो 178 में गिरावट का रुझान है और 93 में कोई बदलाव नहीं दिख रहा है। इसके अलावा 36 शेयर एक साल के हाई और 11 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 123 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 32 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।