बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) के इंडेक्सों में अगले महीने से बदलाव होने वाला है। एशिया इंडेक्स प्राइवेट लिमिटेड ने शुक्रवार 18 नवंबर को S&P BSE के इंडेक्सों में बदलाव का ऐलान किया। फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी डॉ रेड्डीज लैबोरैटरीज (Dr Reddy's Laboratories) अब सेंसेक्स-30 से बाहर हो जाएगी। वहीं इसकी जगह टाटा मोटर्स के स्टॉक को शामिल किया गया जाएगा। ये बदलाव 19 दिसंबर 2022 को बाजार खुलने के साथ लागू हो जाएंगे। बता दें कि BSE, S&P Dow Jones Indices LLC के साथ पार्टनरशिप में एशिया इंडेक्स को चलाता है।
बयान के मुताबिक, S&P BSE 100 और S&P BSE Sensex Next 50 इंडेक्स से अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन (Hindustan Petreoleum Corporation) का स्टॉक बाहर हो जाएगा। इनकी जगह अडानी पावर और इंडियन होटल्स कंपनी के शेयर को शामिल किया जाएगा। वहीं S&P BSE Sensex 50 और S&P BSE BANKEX इंडेक्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
Sensex-30 में अगले महीने जगह बनाने वाले टाटा मोटर्स के शेयर शुक्रवार 18 नवंबर को बीएसई पर 0.04 फीसदी की गिरावट के साथ 423.55 रुपये के भाव पर बंद हुए।
अडानी पावर और इंडियन होटल्स के शेयरों में गिरावट
वहीं S&P BSE 100 और S&P BSE Sensex Next 50 इंडेक्स में शामिल होने वाले अडानी पावर और इंडियन होटल्स के शेयर भी आज बीएसई पर गिरावट के साथ बंद हुए। अडानी पावर का शेयर 0.15 फीसदी गिरकर 336.50 रुपये के भाव पर बंद हुआ, जबकि इंडियन होटल्स के शेयर 0.54 फीसदी गिरकर 313.90 रुपये के भाव पर बंद हुए।
हल्के लाल निशान में बंद हुआ बाजार
इस बीच कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। सेंसेक्स 87 अंक गिरकर 61663 पर बंद हुआ है। वहीं निफ्टी और निफ्टी बैंक में आखिरी घंटे में निचले स्तर से रिकवरी हुई। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दबाव रहा। PSU बैंकिंग इंडेक्स में खरीदारी रही। इसके अलावा रियल्टी, IT शेयरों में भी हल्की बढ़त रही। वहीं सबसे ज्यादा बिकवाली ऑटो, PSE,फार्मा शेयरों में रही। इसके अलावा इंफ्रा, FMCG,एनर्जी शेयरों में भी दबाव दिखा।