Why Sensex-Nifty Rally: लंबे वीकेंड के बाद आज जब स्टॉक मार्केट खुला तो घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स और निफ्टी में तेज उछाल दिखी। कच्चे तेल में नरमी, मजबूत वैश्विक संकेतों और ऑटो शेयरों में खरीदारी के दम पर सेंसेक्स 900 प्वाइंट्स उछल पड़ा तो निफ्टी भी 24250 के पार चला गया। फिलहाल निफ्टी 205.85 प्वाइंट्स यानी 0.86% की बढ़त के साथ 24,203.40 और सेंसेक्स 675.21 प्वाइंट्स यानी 0.88% के उछाल के साथ 77,588.71 पर है। इंट्रा-डे में निफ्टी 292.65 प्वाइंट्स चढ़कर 24,290.20 और सेंसेक्स भी 997.25 प्वाइंट्स उछलकर 77,910.75 तक पहुंच गया था। सभी 16 अहम सेक्टर्स के इंडेक्सेज भी ग्रीन हैं तो निफ्टी स्मॉलकैप100 और मिडकैप 100 इंडेक्सेज में भी करीब 1-1% की तेजी है।
इन वजहों से मार्केट ने भी हुंकार
आज 4 मई को पश्चिम बंगाल, तमिलाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आने हैं। इसमें शुरुआती रुझानों में बीजेपी ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में बढ़त हासिल की है। जियोजीत इंवेस्टमेंट्स के चीफ इंवेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार का कहना है कि आज मार्केट की चाल चुनावी नतीजों के हिसाब से तय हो रही है और इसका फोकस पश्चिम बंगाल पर है। हालांकि उनका यह भी कहना है कि इसका मार्केट पर असर बहुत शॉर्ट टर्म के लिए ही है।
कच्चे तेल का अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड आज 0.27% टूटकर प्रति बैरल $107.9 पर आ गया। पिछले हफ्ते इसने चार साल का हाई $126.41 छुआ था। विजयकुमार का कहना है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की मदद के ऐलान और पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को ईरान के नए प्रस्ताव भेजने की वजह कच्चा तेल नरम पड़ा। विजयकुमार का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतें और पश्चिमी एशिया में हो रही गतिविधियां मार्केट पर असर डालती रहेगी।
वैश्विक मार्केट से मजबूत रुझान
दक्षिण कोरिया के कोस्पी, चीन के शंघाई एसएसई कंपोजिट और हांगकांग के हैंग सेंग समेत एशिया के अधिकतर बाजारों के इक्विटी इंडेक्स में तेजी का रुझान है तो अमेरिकी मार्केट में भी अधिकतर इक्विटी इंडेक्स शुक्रवार को ग्रीन जोन में बंद हुए। इससे घरेलू स्टॉक मार्केट को सपोर्ट मिला है।
ऑटो शेयरों की ताबड़तोड़ खरीदारी
ऑटो स्टॉक्स का निफ्टी इंडेक्स करीब 2% उछल पड़ा और सबसे अधिक तेजी इसी में है। गाड़ियों की मासिक बिक्री के मजबूत आंकड़ों पर हीरो मोटोकॉर्प के शेयर 2.3% और मारुति सुजुकी के शेयर 4% उछल पड़े। बजाज ऑटो के शेयर तो अप्रैल महीने के मजबूत सेल्स डेटा पर 4.8% उछलकर 18 महीने के हाई पर पहुंच गए।
जियो-पॉलिटिकल टेंशन में नरमी
अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंसे जहाजों को छुड़ाने में मदद के संकेतों पर जियो-पॉलिटिकल टेंशन में नरमी आई है। न्यूज एजेंसी रायटर्स से बातचीत में इक्विनॉमिक्स के फाउंडर और हेड ऑफ रिसर्च जी चोक्कालिंगम का कहना है कि ईरान और अमेरिका के बीच चल रही लड़ाई को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है लेकिन अब बड़े हमले के आसार नहीं दिख रहे हैं, जिससे मार्केट को स्थिरता मिलेगी।
जियोजीत इंवेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स का कहना है कि लॉन्ग लोअर विक के साथ शुक्रवार को डोजी के बनने से बुल्स के वापसी की कोशिशों का संकेत मिल रहा है। उनका मानना है कि निफ्टी फिर 25,000–25,600 की रेंज की तरफ बढ़ सकता है लेकिन मार्केट में वोलैटिलिटी बनी रह सकती है क्योंकि इंडिया वीआईएक्स 18 के ऊपर है। फिलहाल निफ्टी के लिए ब्रेकआउट रेंज 24,050–24,350 है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।