Shakti Pumps share: शक्ति पंप्स इंडिया ने अपने शेयरधारकों के लिए बोनस शेयर जारी करने का ऐलान किया है। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने आज 7 अक्टूबर को 1:5 के अनुपात में बोनस इश्यू की सिफारिश की। इसका मतलब है कि शेयरधारकों को उनके पास मौजूद प्रत्येक शेयर के बदले पांच फ्री इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इस बीच कंपनी के शेयरों में आज करीब 5 फीसदी की गिरावट देखी गई। यह स्टॉक BSE पर 4307 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। आज की गिरावट के साथ कंपनी का मार्केट कैप घटकर 8,682 करोड़ रुपये हो गया है।
Shakti Pumps ने फाइलिंग में क्या कहा?
शक्ति पंप्स ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि आज हुई बोर्ड मीटिंग में यह फैसला लिया गया। अपने आधिकारिक बयान में कंपनी ने कहा, "बोर्ड ने 5:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी करने की सिफारिश की है, यानी रिकॉर्ड डेट पर पात्र शेयरधारकों को 10 रुपये के प्रत्येक मौजूदा फुली पेड-अप इक्विटी शेयर के लिए 10 रुपये के पांच नए फुली पेड-अप इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे।"
रिकॉर्ड डेट को लेकर ये है अपडेट
बोनस शेयरों के लिए शेयरधारकों की पात्रता तय करने के लिए रिकॉर्ड डेट अभी तय नहीं की गई है। कंपनी ने कहा कि वह एक्सचेंजों को रिकॉर्ड डेट के बारे में "समय आने पर" सूचित करेगी। कंपनी ने 23 सितंबर 2024 को अपने शेयरधारकों को 4 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था। इससे पहले, 21 सितंबर 2023 को इसने अपने शेयरधारकों को 2 रुपये का डिविडेंड जारी किया था।
Shakti Pumps के शेयरों का प्रदर्शन
शक्ति पंप्स के शेयरों का प्रदर्शन पिछले एक महीने में फ्लैट रहा है। हालांकि, पिछले 6 महीने में इसने करीब 200 फीसदी का तगड़ा रिटर्न दिया है। इस साल अब तक कंपनी के शेयर 319 फीसदी भाग चुके हैं। पिछले एक साल में इसने 377 फीसदी का बंपर मुनाफा कराया है। इतना ही नहीं, पिछले 5 सालों में इसने 1575 फीसदी का जबरदस्त रिटर्न दिया है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।