Share Market Crash: आईटी शेयरों के दम पर आज मार्केट में शुरुआती कारोबार में अच्छी रौनक दिखी और सेंसेक्स-निफ्टी अच्छी बढ़त के साथ खुले। हालांकि फिर बिकवाली का ऐसा दबाव आया कि डे-हाई से सेंसेक्स 1442 प्वाइंट्स टूट गया तो निफ्टी भी टूटकर 23150 के नीचे आ गया। ब्रोडर लेवल पर भी आज बिकवाली का तगड़ा दबाव दिखा और निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 2-2% से अधिक की गिरावट आई।
सेक्टरवाइज आज बात करें तो एआई स्टॉक्स के क्रैश होने से भारतीय सॉफ्टवेयर सर्विसेज कंपनियों के शेयर रॉकेट बन गए और निफ्टी आईटी 4% से अधिक उछल गया और दिन के आखिरी में भी 2% से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ। हालांकि रियल्टी, बैंकिंग और मेटल सेक्टर ने ऐसा दबाव बनाया कि मार्केट संभल नहीं पाया। निफ्टी रियल्टी 4% से अधिक कमजोर हुआ तो निफ्टी मेटल ढाई फीसदी से अधिक। इसके अलावा पीएसयू बैंक और ऑटो सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स में 2-2% से अधिक कमजोरी आई तो फार्मा और प्राइवेट बैंक के निफ्टी इंडेक्स भी 1-1% से अधिक टूट गए। बिकवाली के इस दबाव में आज BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप ₹10 लाख करोड़ से अधिक गिर गया।
अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो आज 15 सितंबर को निफ्टी की वीकली एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स (Sensex) 777.94 प्वाइंट्स यानी 1.04% की गिरावट के साथ 74,003.82 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 279.50 प्वाइंट्स यानी 1.19% की फिसलन के साथ 23,118.60 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 654.68 प्वाइंट्स चढ़कर 75,436.44 तक पहुंचा जिससे फिर यह 1442.41 प्वाइंट्स फिसलकर 73,994.03 तक आ गया तो दूसरी तरफ निफ्टी भी 194.75 प्वाइंट्स चढ़कर 23,592.85 तक पहुंचा था जिससे यह 474.25 प्वाइंट्स गिरकर 23,118.60 sतक आ गया।
निवेशकों के ₹10.69 लाख करोड़ स्वाहा
एक कारोबारी दिन पहले यानी 11 सितंबर 2026 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,83,10,214.93 करोड़ था। आज यानी 15 सितंबर 2026 को यह घटकर ₹4,72,40,889.98 करोड़ रह गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी में आज ₹10,69,324.95 करोड़ की गिरावट आई है।
Sensex के सिर्फ 7 स्टॉक्स ग्रीन
सेंसेक्स पर 30 शेयर लिस्टेड हैं जिसमें सिर्फ 7 ही आज ग्रीन रहे। दिन के आखिरी में आज एचसीएलटेक, इंफोसिस और टेक महिंद्रा सबसे अधिक बढ़त के साथ बंद हुए तो दूसरी तरफ बीईएल, इंडिगो और टाइटन में सबसे अधिक गिरावट रही। नीचे सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी शेयरों के लेटेस्ट भाव और आज उतार-चढ़ाव की डिटेल्स देख सकते हैं-
163 शेयर एक साल के हाई पर
बीएसई पर आज 4684 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 1190 शेयर आज मजबूत हुए तो 3292 में गिरावट रही जबकि 202 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 163 शेयर एक साल के हाई और 215 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 12 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 42 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।