Share Market Holiday Today: गुरुनानक जयंती के अवसर पर शेयर बाजार बंद, मेटल और बुलियन मार्केट में भी नहीं होगा कारोबार

गुरु नानक जयंती को 'गुरु पर्व' भी कहते हैं। इस अवसर पर फॉरेक्स और कमोडिटी फ्यूचर मार्केट में भी ट्रेडिंग नहीं होगी। इससे पहले पिछले सप्ताह शुक्रवार 24 नवंबर को घरेलू शेयर बाजार बेहद उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच लगातार दूसरे दिन हल्की गिरावट के साथ बंद हुए थे। स्‍टॉक मार्केट में मंगलवार को सामान्‍य कारोबार शुरू हो जाएगा

अपडेटेड Nov 27, 2023 पर 8:23 AM
हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन गुरुनानक जयंती मनाई जाती है।

सोमवार 27 नवंबर को गुरुनानक जयंती (Guru Nanak Jayanti) के मौके पर शेयर बाजार (Stock Markets) बंद रहने वाले हैं। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (National Stock Exchange -NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (Bombay Stock Exchange -BSE) दोनों में ट्रेडिंग नहीं होगी। इसके साथ ही मेटल और बुलियन सहित होलसेल कमोडिटी मार्केट भी बंद रहेंगे। फॉरेक्स और कमोडिटी फ्यूचर मार्केट में भी ट्रेडिंग नहीं होगी। हर साल कार्तिक पूर्णिमा के दिन गुरुनानक जयंती मनाई जाती है। स्‍टॉक मार्केट में मंगलवार को सामान्‍य कारोबार शुरू हो जाएगा।

गुरु नानक जयंती को गुरुपर्व के नाम से भी जाना जाता है। यह सिख समुदाय के लिए सबसे महत्वपूर्ण त्योहार है। गुरू नानक जयंती पहले सिख गुरू, गुरु नानक देव के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में मनाई जाती है। गुरु नानक देव ने ही सिख धर्म की स्थापना की थी।

शेयर बाजार में अगली छुट्टी कब


साल 2023 में शेयर बाजार में अगली छुट्टी अब 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर रहेगी। इस दिन भी बीएसई और एनएसई के अलावा मेटल, बुलियन समेत होलसेल कमोडिटी मार्केट, फॉरेक्स, कमोडिटी फ्यूचर मार्केट में कारोबार नहीं होगा।

शुक्रवार 24 नवंबर को कैसी रही थी शेयर बाजार की स्थिति

इससे पहले शुक्रवार 24 नवंबर को घरेलू शेयर बाजार बेहद उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच लगातार दूसरे दिन हल्की गिरावट के साथ बंद हुए थे। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 47.77 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 65,970.04 पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान यह 66,101.64 के उच्चतम और 65,894.05 के निचले स्तर पर भी गया। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक- निफ्टी 7.30 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 19,794.70 पर आ गया।

Hot stocks : शॉर्ट टर्म में 18% तक का रिटर्न दे सकते हैं ये दो स्टॉक, पोर्ट फोलियो में जरूर करें शामिल

सेंसेक्स समूह में शामिल कंपनियों में से एचसीएल टेक, विप्रो, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, नेस्ले, टाटा मोटर्स, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाटा स्टील में गिरावट का रुख रहा। दूसरी तरफ, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील, महिंद्रा एंड महिंद्रा और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.18 प्रतिशत चढ़कर 81.57 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।