Share Market Rally: वैश्विक बाजारों से मजबूत संकेतों के बीच शुरुआती कारोबार में ही आज सेंसेक्स करीब 1300 प्वाइंट्स उछल पड़ा तो निफ्टी भी 24000 के पार पहुंच गया। अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की उम्मीद पर कच्चा तेल फिसलकर मार्च के बाद के निचले स्तर पर आया तो मार्केट में रौनक छा गई। ब्रोडर लेवल पर भी खरीदारी का शानदार माहौल दिखा और निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में भी इंट्रा-डे में डेढ़ फीसदी से अधिक की बढ़त आई और दिन के आखिरी तक इनमें 1% से अधिक की बढ़त बनी रही। अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सों की बात करें तो सेंसेक्स (Sensex) 736.38 प्वाइंट्स यानी 0.97% के उछाल के साथ 76,264.33 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 231.00 प्वाइंट्स यानी 0.98% की बढ़त के साथ 23,853.90 पर बंद हुआ है। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1293.12 प्वाइंट्स उछलकर 76,821.07 और निफ्टी 388.50 प्वाइंट्स चढ़कर 24,011.40 तक पहुंच गया था।
