Share Market News: एक्सपायरी की बाढ़ में आज मार्केट न तो अधिक ऊपर जा पाया और न ही नीचे आया। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स और निफ्टी एक रेंज में ऊपर-नीचे हुए और लगभग फ्लैट रेड जोन में बंद हुए। ब्रोडर लेवल पर आज मिडकैप स्पेस में हल्की रौनक दिखी तो स्मॉलकैप स्पेस में बिकवाली का दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप 100 में हल्की बढ़त आई तो निफ्टी स्मॉलकैप 100 रेड जोन में बंद हुआ।
इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो आज सेंसेक्स (Sensex) 69.86 प्वाइंट्स यानी 0.09% की हल्की गिरावट के साथ 76,765.92 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 10.60 प्वाइंट्स यानी 0.09% की मामूली फिसलन के साथ 23,985.35 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 152.70 प्वाइंट्स उछलकर 76,988.48 पर पहुंच था जिससे यह 315.71 प्वाइंट्स गिरकर 76,672.77 तो निफ्टी 45.20 प्वाइंट्स उछलकर 24,041.15 तक पहुंचा था, जिससे यह 86.55 प्वाइंट्स टूटकर 23,954.60 तक आ गया था।
इन वजहों से मार्केट चढ़ा ऊपर
अमेरिका और ईरान के बीच वीकेंड पर हमले थमे तो कच्चा तेल का उबाल फीका पड़ा और यह नीचे आया। ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड टूटकर प्रति बैरल $85 के नीचे आया तो मार्केट को सपोर्ट मिला। इसकी वजह ये है कि अधिकतर इंडस्ट्रीज के लिए कच्चे माल की लागत कच्चे तेल के भाव से जुड़ी हुई है।
सेक्टरवाइज आईटी सेक्टर ने आज मार्केट को संभालने की कोशिश की जिसका निफ्टी इंडेक्स 3% से अधिक मजबूत हुआ। रियल्टी सेक्टर ने भी मार्केट को सपोर्ट किया और निफ्टी रियल्टी में 2% से अधिक बढ़त आई। हालांकि दूसरी तरफ पीएसयू बैंक और एफएमसीजी स्टॉक्स पर दबाव में मार्केट नीचे आया। निफ्टी एफएमसीजी आज 1% से अधिक कमजोर हुआ तो निफ्टी पीएसयू बैंक में भी करीब 1% की गिरावट आई तो निफ्टी प्राइवेट बैंक भी 0.40% कमजोर हुआ।
पिछले कारोबारी हफ्ते हर दिन सेंसेक्स और निफ्टी लाल बंद हुए थे और ये डेढ़ फीसदी से अधिक कमजोर हुए थे। ब्रोडर लेवल पर दबाव दिखा था। इन सबके चलते शेयरों में जो गिरावट आई, उसे अमेरिका और ईरान के बीच सुलह की उम्मीदों पर कई निवेशकों ने खरीदारी के मौके के तौर पर देखा जिससे मार्केट को सपोर्ट मिला।
भारतीय रुपया आज अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 15 पैसे की बढ़त के साथ 95.76 पर खुला। इससे मार्केट को सपोर्ट मिला।
इन वजहों से मार्केट आ गया नीचे
एनएसई के निफ्टी और बैंक निफ्टी समेत 5 इंडेक्सेज और एनएसई पर 210 स्टॉक्स के डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स की मंथली एक्सपायरी थी। इसका असर आज मार्केट पर दिखा।
एशियाई बाजारों से कमजोर संकेत
आज एशियाई बाजारों में बिकवाली का काफी दबाव दिखा जिसकी आंच घरेलू मार्केट में भी महसूस हुई। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 12% से अधिक, जापान का निक्केई 225 आज 4% से अधिक तो चीन का शंघाई कंपोजिट 1% से अधिक फिसलकर बंद हुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।