5 वजहों से Nifty में पांच दिनों की गिरावट के बाद तेजी, IT Stocks के दम पर Sensex में 800 अंकों का उछाल

Share Market Rally: लगातार पांच कारोबारी दिनों में डेढ़ फीसदी से अधिक टूटने के बाद आज सेंसेक्स (Sensex) इंट्रा-डे में 800 प्वाइंट्स से अधिक उछल पड़ा तो निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 24000 के पार पहुंच गया। ब्रोडर लेवल पर भी शानदार रौनक दिखी। आईटी सेक्टर में खरीदारी का अच्छा माहौल दिखा। जानिए मार्केट में रौनक की 5 मुख्य वजह

अपडेटेड Jul 27, 2026 पर 4:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
एक कारोबारी दिन पहले 24 जुलाई को सेंसेक्स (Sensex) 331.62 प्वाइंट्स यानी 0.43% की कमजोरी के साथ 76,059.77 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 102.15 प्वाइंट्स यानी 0.43% की गिरावट के साथ 23,767.45 पर बंद हुआ था। आज ये बढ़त के साथ खुले।

Share Market Rally: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन आज लगातार पांच कारोबारी दिनों की गिरावट का सिलसिला टूटा। अमेरिका और ईरान के बीच हमले थमे तो मार्केट उछल पड़ा। निफ्टी समेत एनएसई के अन्य इंडेक्सेज और स्टॉक्स के डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स की मंथली एक्सपायरी के एक दिन पहले आज मार्केट में बहार छा गई। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स इंट्रा-डे में 800 प्वाइंट्स से अधिक उछल पड़ा तो निफ्टी भी 24000 के पार पहुंच गया। ब्रोडर लेवल पर भी रौनक दिखी और निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 1-1% से अधिक मजबूती आई।

इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो आज सेंसेक्स (Sensex) 776.01 प्वाइंट्स यानी 1.02% की बढ़त के साथ 76,835.78 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 228.50 प्वाइंट्स यानी 0.96% के उछाल के साथ 23,995.95 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 841.74 प्वाइंट्स चढ़कर 76,901.51 और निफ्टी 244.15 प्वाइंट्स उछलकर 24,011.60 तक पहुंचा था।

Share Market Rally: ये है वजह

अमेरिका और ईरान के थमे हमले

पश्चिमी एशिया में एक बार फिर अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध शुरू हो गया था लेकिन अब जब हमले थमे हैं तो इसने मार्केट में रौनक बिखेर दी।


कच्चे तेल में गिरावट

अमेरिका और ईरान के बीच हमले रुके तो इससे वैश्विक जियोपोलिटिकल टेंशन ढीला पड़ा और कच्चा तेल फिसल पड़ा। वैश्विक बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 5% टूटकर प्रति बैरल $86 के करीब आ गया। इससे मार्केट को सपोर्ट मिला।

डॉलर की कमजोरी

वीकेंड में अमेरिका ने ईरान पर बमबारी रोक दी जिससे तेल की कीमतें नीचे आई और ग्लोबल बाजार में निवेशकों का भरोसा बढ़ा। इसके चलते डॉलर पर दबाव बना है। फिलहाल डॉलर इंडेक्स 101.2 के लेवल पर दिख रहा है। डॉलर की कमजोरी से मार्केट को सपोर्ट मिला है।

India VIX में गिरावट

मार्केट की घबराहट को मापने वाले इंडिया विक्स में गिरावट ने रौनक बढ़ा दी। आज यह 9.76% की फिसलन के साथ 12.66 पर बंद हुआ है। इसमें गिरावट का मतलब वोलैटिलिटी कम होने की संभावना और इसमें उछाल का मतलब वोलैटिलिटी बढ़ने की आशंका है।

IT Stocks में जोरदार तेजी

सेक्टरवाइज मार्केट को आज आईटी सेक्टर से सबसे तगड़ा सपोर्ट मिला जिसका निफ्टी इंडेक्स 2% से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ है। इसे ऑटो और फार्मा सेक्टर से भी अच्छा सपोर्ट मिला, जिनके निफ्टी इंडेक्स डेढ़-डेढ़ फीसदी से अधिक मजबूत हुए तो एफएमसीजी सेक्टर 1% से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ। पीएसयू बैंक और प्राइवेट बैंक में भी अच्छी तेजी आई। निफ्टी रियल्टी 2% से अधिक मजबूत हुआ।

स्टॉक मार्केट में आज की लाइव हलचल के लिए यहां जुड़ें

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।