Share Market Update: भारतीय शेयर बाजार बुधवार 11 अक्टूबर को लगातार दूसरे दिन शानदार बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स ने जहां 400 अंकों की छलांग लगाई। वहीं निफ्टी बढ़कर 19,800 के पार बंद हुआ। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जमकर खरीदारी दी। सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए। इस चौतरफा तेजी के चलते शेयर बाजार के निवेशकों को आज करीब 2 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। बाजार की तेजी को सबसे अधिक सपोर्ट मजबूत ग्लोबल संकेतों से मिला। अमेरिका में ब्याज दरों की बढ़ोतरी के समर्थन वाले अनुमानों में कमी आई है। इजराइल-हमास जंग का असर भी निवेशकों को खाड़ी देशों तक ही सीमित रहने की उम्मीद है। इसके अलावा सऊदी अरब ने क्रूड ऑयल की कीमतों में अस्थिरता को रोकने का वादा किया है। इस सबके चलते ग्लोबल मार्केट्स का मूड अच्छा रहा, जिसका असर भारतीय बाजार में दिखा।
