Share Market Today: भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार 1 अगस्त को नया रिकॉर्ड बना। सेंसेक्स पहली बार 82,000 के पार गया। वहीं निफ्टी भी पहली बार 25,000 को पार कर नई ऊंचाई पर पहुंच गया। हालांकि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में महंगे वैल्यूएशन से जुड़ी चिंताओं के चलते मुनाफावसूली हुई। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.80 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.70 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज दिनभर में करीब 74,000 करोड़ रुपये घट गई। आज के कारोबार के दौरान पावर, यूटिलिटी और ऑयल एंड गैस शेयरों में तेजी देखी गई। वहीं दूसरी ओर आईटी, टेलीकॉम, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और रियल्टी शेयरों में गिरावट देखी गई।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 126.38 अंक या 0.15% की बढ़त के साथ 81,867.73 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 82,129.49 का नया ऑलटाइम हाई छुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 52.85 अंक या 0.21% की तेजी के साथ 25,004.00 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी ने भी कारोबार के दौरान 25,078.30 का नया शिखर बनाया।
निवेशकों के ₹74,000 करोड़ डूबे
सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर
बीएसई सेंसेक्स के आज 30 में से 15 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें भी पावर ग्रिड (Power Grid) के शेयरों में सबसे अधिक 3.84 फीसदी की तेजी रही। इसके बाद एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), एनटीपीसी (NTPC), नेस्ले इंडिया (Nestle India) और अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports) के शेयरों में सबसे अधिक तेजी देखी गई और ये 1.07% से लेकर 1.85 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
सेंसेक्स के 5 सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर
वहीं सेंसेक्स के बाकी 15 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) का शेयर 2.76 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। इसके अलावा टाटा स्टील (Tata Steel), बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv), स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) और लर्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयर 1.14% से लेकर 1.36% की गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,368 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के मुकाबले गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,048 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,577 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,383 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 88 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 360 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 20 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।