Share Market Today: ऑटो शेयरों में भारी तेजी के बीच सेंसेक्स और निफ्टी मंगलवार 9 जुलाई को नए रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गए। निवेशकों ने कुछ फंडामेंटली रूप से मजबूत लार्ज कैप शेयरों पर दांव लगाना जारी रखा। इसके चलते निवेशकों को आज दिन भर में करीब 1.54 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ। आज के कारोबार के दौरान ऑटो, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, FMCG, फार्मा और रियल्टी शेयरों में सबसे अधिक तेजी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर टेलीकम्युनिकेशंस और एनर्जी शेयरों में निवेशकों ने मुनाफा वसूली की। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि बेंचमार्क इंडेक्सों के मुकाबले उनकी तेजी कम रही।
