बजट भाषण के बाद निवेशकों को लगा झटका, शेयर बाजार ने खोई बढ़त, एक दिन में ₹3.64 लाख करोड़ डूबे

Share Market Close: भारतीय शेयर बाजारों में आज बजट के दिन काफी उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिला। निफ्टी अंत में करीब 45 अंक फिसलकर बंद हुआ। इंश्योरेंस शेयरों में टैक्स छूट की लिमिट घटने के ऐलान से जोरदार गिरावट रही। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी लुढ़ककर बंद हुआ। इससे निवेशकों को बजट के दिन 3.64 लाख करोड़ का घाटा सहना पड़ा

अपडेटेड Feb 01, 2023 पर 10:47 PM
Story continues below Advertisement
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज 266.59 लाख करोड़ रुपये हो गया

Share Market Close: भारतीय शेयर बाजारों में आज बजट के दिन काफी उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिला। बजट से पहले शुरुआती कारोबार में, शेयर बाजारों में जोरदार तेजी देखी गई थी। सेंसेक्स एक समय तो 1,200 अंक तक चढ़ गया था। हालांकि बजट का भाषण खत्म होने के बाद धीरे-धीरे बाजार ने अपनी बढ़त खोनी शुरू कर दी और अंत में सेंसेक्स सिर्फ 158 की तेजी के साथ बंद हुआ। वहीं निफ्टी तो गिरकर लाल निशान में चला गया और 45.85 अंक के नुकसान के साथ बंद हुआ। छोटे और मझोले शेयरों का इंडेक्स भी करीब 1 फीसदी तक टूटकर बंद हुआ। सेक्टोरेल इंडेक्स की बात करें, तो कमोडिटी, टेलीकम्युनिकेशंस, एनर्जी, ऑयल एंड गैस और पावर शेयरों में जोरदार गिरावट रही।

सबसे अधिक गिरावट इंश्योरेंस कंपनियों के शेयरों में रही। बजट में इंश्योरेंस आय पर टैक्स छूट की सीमा को सीमित करने का प्रस्ताव रखा गया है, जिसके बाद इंश्योरेंस सेक्टर दबाव में रहा। इसके अलावा अडानी ग्रुप के शेयरों में आज भी गिरावट रही। इस सबके चलते बजट के दिन निवेशकों को शेयर बाजार में करीब 3.64 लाख करोड़ रुपये का घाटा हुआ।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स (Sensex) जहां 158.18 अंक या 0.27% बढ़कर 59,708.08 अंक पर बंद हुआ। हालांकि एनएसई का निफ्टी (Nifty) 45.85 अंक या 0.26% टूटकर 17,616.30 के स्तर पर बंद हुआ।


निवेशकों के 3.64 लाख करोड़ डूबे

BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन बुधवार 1 फरवरी को घटकर 266.59 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार 31 जनवरी को 270.23 लाख करोड़ रुपये पर था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 3.64 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की वेल्थ में आज 3.64 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में आज रही सबसे अधिक तेजी

सेंसेक्स के 30 में से 17 शेयर आज बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें आईटीसी (ITC) के शेयरों में सबसे अधिक 2.61 फीसदी तेजी देखने को मिली। इसके बाद टाटा स्टील (Tata Steel), आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank), टीसीएस (TCS) और एचडीफएसी बैंक (HDFC Bank) के शेयरों में सबसे अधिक उछाल रही और ये करीब 1.47% से लेकर 2.01% की तेजी के साथ बंद हुए।

यह भी पढ़ें- बजट 2023: कौन कहता है किसानों को कुछ नहीं मिला, 20 लाख करोड़ रुपये कम होते हैं क्या?

सेंसेक्स के ये 5 शेयर आज सबसे अधिक लुढ़के

वहीं सेंसेक्स के 13 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए हैं। इसमें भी बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserve) के शेयरों में सबसे अधिक 5.65% की गिरावट देखने को मिली। इसके अलावा एसबीआई (SBI), इंडसइंड बैंक (Indusind Bank), महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) और सन फार्मा (Sun Pharma) भी आज 1.75 फीसदी से लेकर 4.80 फीसदी तक की गिरावट के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या रहा हाल इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-sensexstock

2,439 शेयर आज बढ़त के साथ हुए बंद

बजट के दिन बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर बढ़त के मुकाबले गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 3,649 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,273 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं 2,269 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 107 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।