1 फरवरी को बजट 2026 पेश करते समय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन के दूसरे वर्जन के लॉन्च की घोषणा की। वित्त मंत्री ने कहा कि इस योजना का नया वर्जन इक्विपमेंट और मैटेरियल तैयार करने, फुलस्टैक इंडियन IP डिजाइन करने और सप्लाई चेन को मजबूत करने पर केंद्रित है। फोकस इंडस्ट्री के नेतृत्व वाले रिसर्च और ट्रेनिंग सेंटर्स पर होगा ताकि टेक्नोलॉजी और स्किल्ड वर्कफोर्स को डेवलप किया जा सके। इसके लिए वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस ऐलान के बाद सेमीकंडक्टर कंपनियों के शेयरों में उछाल आया।
CG Power and Industrial Solutions के शेयर BSE पर 6 प्रतिशत तक बढ़कर 620.10 रुपये प्रति शेयर के हाई तक चले गए। बाद में शेयर 2 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 597.45 रुपये पर बंद हुआ। मार्केट कैप 94000 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। MIC Electronics के शेयरों में लगभग 5 प्रतिशत की तेजी दिखी और कीमत 44.70 रुपये के हाई तक गई। बाद में शेयर 4.6 प्रतिशत गिरावट के साथ 40.72 रुपये पर बंद हुआ। मार्केट कैप 980 करोड़ रुपये है। Kaynes Technology India के शेयरों में भी 5 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त देखी गई और कीमत 3656.15 रुपये के हाई तक गई। बाद में शेयर 2 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 3558.65 रुपये पर बंद हुआ। मार्केट कैप 23800 करोड़ रुपये के पार चला गया।
वित्त मंत्री ने बजट घोषणा के दौरान कहा कि हम टेक्नोलॉजी और कुशल वर्कफोर्स विकसित करने के लिए इंडस्ट्री के नेतृत्व वाले रिसर्च और ट्रेनिंग सेंटर्स पर भी ध्यान देंगे। इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स मैन्युफैक्चरिंग स्कीम (ECMS) के लिए आउटले को बढ़ाकर 40,000 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव दिया गया है। इस स्कीम को अप्रैल 2025 में 722,919 करोड़ रुपये के आउटले के साथ लॉन्च किया गया था।
फुजियामा पावर सिस्टम्स के चेयरमैन और जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर पवन कुमार गर्ग का कहना है, "बजट 2026 टेक्नोलॉजी के नेतृत्व वाली ग्रोथ और सस्टेनेबल एनर्जी ट्रांसफॉर्मेशन की दिशा में एक मजबूत रणनीतिक कदम है। इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 को लॉन्च किया गया है। यह इंडस्ट्री के नेतृत्व वाले R&D और मैन्युफैक्चरिंग के लिए महत्वपूर्ण सपोर्ट के साथ भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को आगे बढ़ाने और हमारी वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।" आगे कहा, "हम सेमीकंडक्टर और क्लीन एनर्जी ट्रांजीशन में इस दोहरी गति में योगदान देने को लेकर आशावादी हैं।"
कीस्टोन रोबोटिक्स के CEO अमरनाथ जैन ने कहा, "यह बजट एक महत्वपूर्ण बदलाव का प्रतिनिधित्व करता है। इसमें सेमीकंडक्टर, प्रिसिजन इंजीनियरिंग और एप्लाइड AI में रणनीतिक निवेश शामिल हैं, जो इंटेलिजेंट प्रोडक्शन की आधारशिला हैं।"
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।