Kalyan Jewellers Share Price: सोने की चकाचौंध से ज्वेलरी स्टॉक्स को लगे पंख, कल्याण ज्वेलर्स ने लगाई 11% की छलांग

Kalyan Jewellers Share Price: अमेरिका और ईरान युद्ध खत्म करने और होर्मुज स्ट्रेट से आवाजाही फिर से शुरू करने के लिए एक शुरुआती समझौते पर पहुंच गए हैं। इस ऐलान से सोने और चांदी की कीमतों में बंपर उछाल है

अपडेटेड Jun 15, 2026 पर 4:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Kalyan Jewellers के अलावा डायमंड व ज्वेलरी सेक्टर की दूसरी कंपनियों के शेयरों में भी अच्छी तेजी है।

कल्याण ज्वेलर्स के शेयरहोल्डर्स के लिए 15 जून बेहद शानदार रहा। दिन में शेयर की कीमत ​में पिछले बंद भाव से 12 प्रतिशत तक की तेजी देखने को मिली। BSE पर शेयर 386.65 रुपये के हाई तक गया। बाद में 11 प्रतिशत बढ़त के साथ 383 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 39500 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। दरअसल सोने की कीमत में आए बंपर उछाल से ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों में अच्छी तेजी आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिका और ईरान युद्ध खत्म करने और होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) से आवाजाही फिर से शुरू करने के लिए एक शुरुआती समझौते पर पहुंच गए हैं।

रॉयटर्स के मुताबिक, ईरान के उप-विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि 60 दिनों के सीजफायर (युद्धविराम) के दौरान एक ज्यादा व्यापक समझौते पर बातचीत की जाएगी। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा है कि डील शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में साइन होगी।

इस डेवलपमेंट के बाद सोने और चांदी की कीमतों में देश के अंदर और विदेश में भी बंपर उछाल दर्ज किया गया क्योंकि कच्चे तेल की कीमत गिरी और महंगाई व ऊंची ब्याज दरों को लेकर चिंता कम हुई। ऊंची ब्याज दरों वाले माहौल में सोने-चांदी का आकर्षण कम हो जाता है क्योंकि यह बिना रिटर्न वाले एसेट हैं। समझौते की घोषणा के बाद अमेरिकी डॉलर 10 दिनों के निचले स्तर पर आ गया, जिससे दूसरी करेंसी वालों के लिए डॉलर में कीमत तय होने वाला सोना सस्ता हो गया।


कल्याण ज्वेलर्स को इस फैक्टर से भी मिला बूस्ट

कल्याण ज्वेलर्स की पश्चिम एशिया में अच्छी-खासी मौजूदगी है। 31 मार्च, 2026 तक इस इलाके में इसके 38 शोरूम चल रहे थे। ऐसे में अमेरिका-ईरान शांति समझौते की घोषणा के बाद पश्चिम एशिया में भू—राजनीतिक तनाव कम होने की संभावना से निवेशक उत्साहित दिखे। तनाव बढ़ने के दौरान स्टॉक पर दबाव था।

MCX पर सोना-चांदी कितना चढ़े

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त में डिलीवरी वाले गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट का वायदा भाव पिछली क्लोजिंग से 3301 रुपये तक उछला। अमाउंट 153829 रुपये प्रति 10 ग्राम के हाई तक गया। इसी तरह MCX पर जुलाई में डिलीवरी वाले सिल्वर कॉन्ट्रैक्ट का वायदा भाव पिछली क्लोजिंग से 7159 रुपये बढ़कर 253345 रुपये प्रति किलोग्राम के हाई तक गया।

JSW Energy Share Price: बड़ा दांव, Maruti Clean Coal में खरीद रही है पूरा 100% हिस्सा; शेयर 3% तक चढ़ा

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने का हाजिर भाव 2.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 4,334.48 डॉलर प्रति औंस पर है। अगस्त में डिलीवरी वाला यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 2.8 प्रतिशत बढ़कर 4,355.30 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है। हाजिर चांदी यानि कि स्पॉट सिल्वर की कीमत 3.7 प्रतिशत बढ़कर 70.51 डॉलर प्रति औंस पर है।

दूसरे ज्वेलरी स्टॉक्स में रही कितनी तेजी

कल्याण ज्वेलर्स के अलावा डायमंड व ज्वेलरी सेक्टर की कुछ दूसरी कंपनियों की बात करें तो सोमवार को स्काई गोल्ड एंड डायमंड्स के शेयरों 4 प्रतिशत की तेजी रही। सेनको गोल्ड का शेयर 3 प्रतिशत चढ़ा। पीसी ज्वेलर में 2.5 प्रतिशत और त्रिभुवनदास भीमजीदास झवेरी में 1.7 प्रतिशत की बढ़त रही। इसी तरह टाइटन कंपनी 2 प्रतिशत, ब्लूस्टोन ज्वेलरी एंड लाइफस्टाइल 1.3 प्रतिशत चढ़े।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।