कंपनियों की अर्निंग्स ग्रोथ सुस्त पड़ने के बावजूद इंडियन मार्केट्स की वैल्यूएशन हाई बनी हुई है। उधर, आईपीओ मार्केट में भी हलचल है। रिटेल इनवेस्टर्स मुनाफा कमाने के लिए आईपीओ में पैसे लगा रहे हैं। न सिर्फ घरेलू निवेशक बल्कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की दिलचस्पी भी आईपीओ में दिख रही है। एसजी की रिपोर्ट में बताया गया है कि इस साल विदेशी निवेशकों ने आईपीओ में 6 अरब डॉलर से ज्यादा निवेश किया है। यह 2021 के बाद से सबसे ज्यादा है। एसएमई आईपीओ ने जिस तरह का रिटर्न दिया है, उससे लोग यह समझने लगे हैं कि यह फटाफट मुनाफा कमाने का सबसे अच्छा जरिया है। इस साल बीएसई का एसएमई आईपीओ इंडेक्स 136 फीसदी चढ़ा है। यह इस दौरान सेंसेक्स में आई 14 फीसदी की तेजी के मुकाबले बहुत ज्यादा है।
