प्राइमरी (आईपीओ) मार्केट के लिए यह साल शानदार रहा है। जनवरी से जुलाई के बीच 150 से ज्यादा कंपनियों ने आईपीओ से 5 अरब डॉलर से ज्यादा पैसे जुटाए हैं। एलएसईजी के डेटा के मुताबिक, यह पिछले साल की इसी अवधि में जुटाए गए पैसे के मुकाबले करीब दोगुना है। बजट में टैक्स बढ़ाने का असर सेंटिमेंट पर नहीं पड़ा है। सिर्फ जुलाई में 31 कंपनियों के आईपीओ आए हैं। कई आईपीओ खासकर एसएमई सेगमेंट के आईपीओ ने निवेशकों को तगड़ा रिटर्न दिया है। आईपीओ पेश करने वाली करीब 50 फीसदी कंपनियों के शेयरों की कीमतें अब भी 100 फीसदी से ज्यादा ऊपर चल रही हैं। ऐसे में 2 अगस्त को खुलने वाले ओला इलेक्ट्रिक के आईपीओ में निवेशक काफी दिलचस्पी दिखा सकते हैं।
