Shriram Finance Stock Price: दिग्गज NBFC श्रीराम फाइनेंस के शेयर में कई ट्रेडिंग ऐप्स पर 80 प्रतिशत तक की गिरावट दिखी। लेकिन हकीकत में शेयर में इतनी बड़ी गिरावट नहीं आई है। दरअसल कंपनी के शेयर ने 10 जनवरी 2025 को 5:1 के रेशियो में एक्स-स्प्लिट ट्रेड किया था। यानि इस दिन श्रीराम फाइनेंस का 10 रुपये फेस वैल्यू वाला एक शेयर 2 रुपये फेस वैल्यू वाले 5 शेयरों में टूट गया।
ऐसा अनुमान है कि कुछ ट्रेडिंग ऐप्स पर स्टॉक स्प्लिट के बाद कंपनी के शेयरों की कीमत एडजस्ट नहीं हुई, जिसके कारण शुक्रवार को शेयर के ओपनिंग प्राइस में गुरुवार के बंद भाव से 80 प्रतिशत तक की गिरावट शो हुई। बीएसई के डेटा के मुताबिक, प्राइस एडजस्टमेंट के बाद गुरुवार, 9 जनवरी के लिए शेयर का बंद भाव 562.55 रुपये हो गया है। शुक्रवार, 10 जनवरी को शेयर बीएसई पर 569.95 रुपये पर खुला और फिर पिछले बंद भाव से 5.4 प्रतिशत गिरावट के साथ 531.90 रुपये पर बंद हुआ।
Shriram Finance का शेयर पहली बार हुआ स्प्लिट
श्रीराम फाइनेंस ने पहली बार स्टॉक स्प्लिट किया है। इसकी घोषणा 25 अक्टूबर 2024 को हुई थी और रिकॉर्ड डेट 10 जनवरी 2025 थी। कंपनी का मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये है। प्राइस एडजस्टमेंट के बाद अब शेयर का बीएसई पर 52 सप्ताह का उच्च स्तर 730.43 रुपये और 52 सप्ताह का निचला स्तर 438.83 रुपये है।
एक साल में शेयर 23 प्रतिशत मजबूत
बीएसई का डेटा शेयर में अब एक साल में 23 प्रतिशत और 2 साल में 99 प्रतिशत की बढ़त दिखा रहा है। श्रीराम फाइनेंस में सितंबर 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 25.40 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। प्राइस एडजस्टमेंट के बाद शेयर के अपर सर्किट और लोअर सर्किट लेवल में भी बदलाव हुआ है। अब नया अपर प्राइस बैंड 585.05 रुपये और लोअर प्राइस बैंड 478.75 रुपये है।
बीएसई पर मौजूद डेटा की मानें तो कंपनी का जुलाई-सितंबर 2024 तिमाही में स्टैंडअलोन रेवेन्यू 10,089.54 करोड़ रुपये रहा। इस बीच स्टैंडअलोन शुद्ध मुनाफा 2,071.26 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।