Siemens Share Price: एनर्जी बिजनेस अलग होने के अगले दिन आज सीमेन्स के शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा। मजबूत मार्केट सेंटिमेंट में भी यह टूट गया। एक तरफ घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) आज करीब डेढ़ फीसदी मजबूत हुए हैं तो दूसरी तरफ सीमेन्स के शेयर इंट्रा-डे में करीब 2 फीसदी टूट गए। हालांकि इसके बावजूद ब्रोकरेज फर्म एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग का इस पर पॉजिटिव रुझान बना हुआ है। आज बीएसई पर यह 1.79 फीसदी की गिरावट के साथ 2764.40 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 2.30 फीसदी फिसलकर 2750.00 रुपये तक आ गया था।
Siemens पर क्यों है ब्रोकिंग फर्म फिदा?
एनर्जी बिजनेस के अलग होने के बाद सीमेन्स केस पास अब डिजिटल इंडस्ट्रीज (प्रोसेस और डिस्क्रीट ऑटोमेशन बिजनेस), मोबिलिटी (सिग्नलिंग, लोकोमोटिव्स), स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर (मीडियम वोल्टेड स्विचगियर्, लो वोल्टेज डिवाइसेज) और लार्ज ड्राइव्स बिजेनेसेज हैं। एंटीक के मुताबिक इनमें से हर कैटेगरी में मजबूत प्रोडक्ट रेंज और टॉप-ऑफ-द-लाइन टेक्नोलॉजी के साथ सीमेन्स का दबदबा है। इसके अलावा सरकार जीडीपी में मैन्युफैक्चरिंग की हिस्सेदारी बढ़ाने पर जोर दे रही है, जो सीमेन्स के लिए फायदेमंद साबित होगा।
एंटीक का कहना है कि सीमेन्स अब तक सिग्नलिंग जैसी ट्रैक सिस्टम के लिए टॉप क्लास की टेक्नोलॉजी मुहैया कराती रही है लेकिन कंपनी रेल से जुड़ी सभी इक्विपमेंट बनाने पर तेजी से काम कर रही है। हाल ही में कंपनी को देश में बड़े पैमाने पर लोकोमोटिव बनाने के लिए पहला बड़ा ऑर्डर मिला है। इसके तहत 13,200 करोड़ रुपये में 11 वर्षों में 9,000 हॉर्सपावर की क्षमता वाले 1200 इंजन बनाए जाएंगे। इसके अलावा 12,800 करोड़ रुपये में 35 वर्षों तक मेंटेनेंस होगा। एंटिक का कहना है कि कि कंपनी अब वंदे भारत के लिए भी बोली लगा रही है। ऐसे में ब्रोकिंग फर्म ने सीमेन्स की खरीदारी रेटिंग बरकरार रखी है और इसका टारगेट प्राइस 4336 रुपये पर फिक्स किया है जोकि मौजूदा लेवल से करीब 57 फीसदी अपसाइड है।
बाकी एनालिस्ट्स का क्या है रुझान?
सीमेन्स को कवर करने वाले 21 एनालिस्ट्स में से 12 ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है, पांच ने होल्ड और चार ने सेल रेटिंग दी है। शेयरों की बात करें तो सीमेन्स के शेयर पिछले साल 16 अक्टूबर 2024 को 4772.28 रुपये (डीमर्जर से एडजस्टेड) पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और इस हाई लेवल से छह ही महीने में यह करीब 48 फीसदी फिसलकर 7 अप्रैल 2025 को 2490.00 रुपये (डीमर्जर से एडजस्टेड) के भाव पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। निचले स्तर पर शेयर संभले और खरीदारी के दम पर 12 फीसदी से अधिक रिकवर हुए लेकिन अब भी एक साल के हाई से यह करीब 41 फीसदी डाउनसाइड है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।