Sigachi Industries के रिएक्टर में ब्लास्ट, 10 की मौत, घटना पर घबराए निवेशक, 14% टूट गया शेयर

Sigachi Industries Shares: सिगाची इंडस्ट्रीज की तेलंगाना में स्थित एक रिएक्टर में इतना बड़ा धमाका हुआ कि एक बिल्डिंग ही ढह गई। इस धमाके में 10 के मारे जाने और 20 के घायल होने की जानकारी सामने आ रही है। इसकी आंच में सिगाची इंडस्ट्रीज के शेयर भी बुरी तरह झुलस गए और धड़ाम से गिर गए। जानिए घटना के बारे में पूरी डिटेल

अपडेटेड Jun 30, 2025 पर 3:47 PM
Story continues below Advertisement
Sigachi Industries Shares: माइक्रोक्रिस्टलाइन सेलुलोज बनाने वाली सिगाची इंडस्ट्रीज के एक रिएक्टर में भयावह आग लग गई।

Sigachi Industries Shares: माइक्रोक्रिस्टलाइन सेलुलोज बनाने वाली सिगाची इंडस्ट्रीज के एक रिएक्टर में ऐसी भयावह आग लगी कि इसकी चपेट में आने से 10 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा कुछ लोग घायल भी हुए हैं। इसकी आंच में सिगाची इंडस्ट्रीज के शेयर भी बुरी तरह झुलस गए हैं। निवेशकों की घबराहट से शेयर इंट्रा-डे में 14% से अधिक टूट गए। निचले स्तर पर खरीदारी से भी सिगाची इंडस्ट्रीज के शेयर संभल नहीं पाए। आज बीएसई पर यह 11.58% की गिरावट के साथ ₹48.7 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 14.82% फिसलकर ₹47.00 के भाव तक आ गया था।

Sigachi Industries के रिएक्टर में कहां लगी आग?

सिगाची इंडस्ट्रीज की तेलंगाना के Pashamylaram में स्थित एक रिएक्टर में भयंकर आग लग गई। न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक धमाके में एक बिल्डिंग पूरी तरह ढह गई। धमाका उस समय हुआ, जब कंपनी में काम चल रहा था। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई है तो कम से कम 20 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। न्यूज एजेंसी एएनआई को तेलंगाना के फायर ऑफिशियल्स ने बताया कि घटना Pasamailaram के फेज 1 में स्थित सिगाची फार्मा कंपनी में हुई है। घटनास्थल पर 11 फायर टेंडर पहुंचे हैं और करीब 15-20 लोग घायल हैं। सांगारेड्डी की एसपी परितोष पंकज ने एएनआई से बातचीत में कहा कि अभी तक कोई भी बॉडी नहीं मिली है और बचाव अभियान चल रहा है।


कैसी है कारोबारी सेहत?

सिगाची इंडस्ट्रीज के लिए पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की आखिरी तिमाही मिली-जुली रही। स्टैंडएलोन लेवल पर जनवरी-मार्च 2025 में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर ₹11.73 करोड़ से 40.51% गिरकर ₹6.98 करोड़ पर आ गया। हालांकि इस दौरान कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू 35.72% उछलकर ₹113.54 करोड़ पर पहुंच गया था। नतीजे के साथ-साथ कंपनी ने डिविडेंड का भी ऐलान किया था। कंपनी के बोर्ड ने ₹1 की फेस वैल्यू प्रति शेयर पर ₹0.10 के फाइनल डिविडेंड को मंजूरी दी है।

अब शेयरों की बात करें तो पिछले साल 1 अगस्त 2024 को इसके शेयर ₹69.75 के भाव पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। हालांकि शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और इस हाई लेवल से करीब सात महीने में यह 50.52% फिसलकर 17 फरवरी 2025 को यह ₹34.51 के भाव पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इसके शेयर घरेलू स्टॉक मार्केट में 15 नवंबर 2021 को लिस्ट हुए थे। आईपीओ निवेशकों का इसका ₹10 की फेस वैल्यू वाला शेयर ₹163 के भाव पर जारी हुआ था। अक्टूबर 2023 में इसके शेयर 10 हिस्सों में टूटे थे।

IPO News: 19 लिस्टिंग तो 7 नए इश्यू में पैसे लगाने का मौका, आईपीओ मार्केट में इस हफ्ते जबरदस्त रौनक

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।