बुधवार, 24 जून को SIS लिमिटेड के शेयरों में दिन में 12 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर 481.70 रुपये तक गया और 52-सप्ताह का नया हाई क्रिएट हुआ। दरअसल कंपनी ने एक दिन पहले शेयर बाजारों को बताया था कि उसका बोर्ड शेयर बायबैक के प्रस्ताव पर विचार करने के लिए अगले हफ्ते 29 जून को मीटिंग करने वाला है। अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिली तो यह कंपनी का पिछले 5 सालों में 5वां बायबैक होगा।
इससे पहले SIS ने अप्रैल 2021 में 100 करोड़ रुपये, अगस्त 2022 में 80 करोड़ रुपये और दिसंबर 2023 में 90 करोड़ रुपये का बायबैक किया था। शेयरहोल्डर्स से शेयर 550 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर खरीदे गए थे। जून 2025 में कंपनी ने 150 करोड़ रुपये के शेयर 404 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर वापस खरीदे थे।
SIS सिक्योरिटी, फैसिलिटी मैनेजमेंट और कैश लॉजिस्टिक्स सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। कंपनी का दावा है कि वह भारत में सिक्योरिटी सॉल्यूशंस और फैसिलिटी मैनेजमेंट में नंबर वन कंपनी है। वहीं कैश लॉजिस्टिक्स सेगमेंट में यह नंबर 2 पर आती है। कंपनी के 3 लाख से ज्यादा कर्मचारी हैं।
SIS का शेयर 3 महीनों में 60 प्रतिशत मजबूत
SIS लिमिटेड का मार्केट कैप 6300 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। शेयर BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 3 महीनों में 60 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 71.88 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का निचला स्तर 257.40 रुपये है।
SIS का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 1,406.50 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 64.94 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2026 के दौरान स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 5,456.42 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 100.95 करोड़ रुपये रहा।
Bajaj Auto Share Buyback: आज, 24 जून रिकॉर्ड डेट
टूव्हीलर और थ्रीव्हीलर मेकर Bajaj Auto Ltd भी शेयर बायबैक कर रही है। रिकॉर्ड डेट आज यानि 24 जून है। रिकॉर्ड डेट से पहले के क्लोजिंग डे पर जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे बायबैक में हिस्सा लेने के पात्र होंगे। लेकिन याद रहे कि आज शेयर खरीदने वाले पात्र नहीं होंगे। बायबैक के तहत कंपनी अपने शेयरहोल्डर्स से ₹10 प्रति शेयर फेस वैल्यू वाले 46.94 लाख इक्विटी शेयर वापस खरीदेगी। शेयरों की यह संख्या कंपनी के कुल इक्विटी शेयरों का 1.68% है।
शेयर बायबैक की कीमत ₹12,000 प्रति शेयर तय की गई है। इस तरह बजाज ऑटो शेयर बायबैक के लिए कुल ₹5,633 करोड़ (₹5,632,80,00,000) खर्च करेगी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।