IT स्टॉक्स पर मंडराया संकट! जेफरीज ने इन 6 कंपनियों का टारगेट प्राइस 33% तक घटाया

IT Stocks: ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने सोमवार 23 फरवरी को जारी एक रिपोर्ट में देश की 6 बड़ी आईटी कंपनियों की रेटिंग को घटा दिया है। साथ ही उसके टारगेट प्राइस में 33% तक की कटौती की गई है। जिन कंपनियों को डाउनग्रेड किया गया है, उनमें इंफोसिस, एचसीएल टेक, एमफैसिस, एलटीआईमाइंडट्री, टीसीएस और हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज शामिल हैं

अपडेटेड Feb 23, 2026 पर 9:25 AM
Story continues below Advertisement
IT Stocks: जेफरीज ने इंफोसिस की रेटिंग को पहले के ‘बाय’ से घटाकर ‘होल्ड’ कर दिया है

IT Stocks: ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने सोमवार 23 फरवरी को जारी एक रिपोर्ट में देश की 6 बड़ी आईटी कंपनियों की रेटिंग को घटा दिया है। साथ ही उसके टारगेट प्राइस में 33% तक की कटौती की गई है। जिन कंपनियों को डाउनग्रेड किया गया है, उनमें इंफोसिस, एचसीएल टेक, एमफैसिस, एलटीआईमाइंडट्री, टीसीएस और हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज शामिल हैं। ब्रोकरेज ने इन कंपनियों के अर्निंग प्रति शेयर (EPS) के अनुमान भी 1% से 4% तक घटाए हैं।

AI से बिजनेस मॉडल पर असर की आशंका

जेफरीज का कहना है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आईटी सर्विस कंपनियों के बिजनेस मॉडल में स्ट्रक्चरल बदलाव ला सकता है। AI के बढ़ते इस्तेमाल से मैनेज्ड सर्विसेज का हिस्सा घट सकता है, जबकि कंसल्टिंग और इम्प्लिमेंटेशन सेवाओं की भूमिका बढ़ सकती है।

इस बदलाव से कारोबार में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है और कंपनियों को अपने टैलेंट व ऑपरेटिंग मॉडल में बदलाव करना पड़ेगा। इससे जोखिम भी बढ़ेंगे। ब्रोकरेज ने यह भी कहा कि भले ही ये शेयर इस साल अब तक 16% तक गिर चुके हैं, फिर भी इनमें अपसाइड की तुलना में डाउनसाइड का जोखिम ज्यादा है।


किन शेयरों पर क्या बदलाव?

1. इंफोसिस (Infosys)

जेफरीज ने इंफोसिस की रेटिंग को पहले के ‘बाय’ से घटाकर ‘होल्ड’ कर दिया है। साथ ही उसका टारगेट प्राइस 1,880 रुपये से घटाकर 1,290 रुपये कर दिया गया है। नया टारगेट प्राइस शुक्रवार के क्लोजिंग लेवल से 5% की गिरावट का संकेत देता है।

2. एचसीएल टेक (HCLTech)

एचसीएल टेक की रेटिंग को भी पहले के‘बाय’ से घटाकर ‘होल्ड’ कर दिया गया है है। साथ ही इसका टारगेट प्राइस 1,885 रुपये से घटाकर 1,390 रुपये कर दिया गया है। यह भी शुक्रवार के क्लोजिंग प्राइस से इसमें लगभग 4% की गिरावट का संकेत देता है।

3. एमफैसिस (Mphasis)

ब्रोकरेज ने एमफैसिस के शेयर पर भी अपनी रेटिंग को ‘बाय’ से घटाकर ‘होल्ड’ कर दिया है और इसके टारगेट प्राइस को पहले के 3,410 रुपये से घटाकर 2,450 रुपये कर दिया गया है। एमफैसिस के शेयर पहले से ही इस नए प्राइस टारगेट से नीचे ट्रेड कर रहे हैं। इसका मतलब है कि शुक्रवार के ₹2,365 के क्लोजिंग लेवल से इसमें बहुत कम बढ़त की संभावना है।

4. एलटीआईमाइंडट्री (LTIMindtree)

एलटीआई माइंडट्री की रेटिंग को घटाकर "अंडरपरफॉर्म" कर दिया गया है और टारगेट प्राइस पहले के ₹6,175 से घटाकर ₹4,300 कर दिया गया है। नया टारगेट प्राइस मौजूदा स्तर से इस शेयर में लगभग 12% की गिरावट का संकेत देता है।

5. टीसीएस (TCS)

देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS की रेटिंग भी ‘अंडरपरफॉर्म’ कर दिया गया है। टारगेट 3,485 रुपये से घटाकर 2,350 रुपये किया गया है। यह भी शुक्रवार के बंद भाव से करीब 12.5% की संभावित गिरावट दिखाता है।

6. हेक्सावेयर टेक्नोलॉजीज (Hexaware Technologies)

इस आईटी कंपनी की रेटिंग को भी घटाकर ‘अंडरपरफॉर्म’ कर दिया गया है और टारगेट प्राइस 660 रुपये से घटाकर 460 रुपये कर दिया गया है। यह मौजूदा स्तर से लगभग 12% की गिरावट का संकेत देता है।

किन पर भरोसा?

जेफरीज ने इस सेक्टर में कोफोर्ज, सैगिलिटी और IKS हेल्थ को अपने टॉप पिक्स के रूप में चुना है। ब्रोकरेज का मानना है कि आईटी सेक्टर में आने वाले समय में स्ट्रक्चलर बदलाव हो सकते हैं। ऐसे में निवेशकों को सावधानी के साथ स्टॉक चयन करना चाहिए।

यह भी पढ़ें- अब 10 ग्राम में भी गोल्ड फ्यूचर्स, NSE को SEBI से मिली मंजूरी; जानिए ट्रेडिंग और डिलीवरी की पूरी डिटेल

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।