दक्षिण कोरिया का शेयर बाजार क्रैश, जापान और चीन के बाजारों में भी बड़ी गिरावट

दक्षिण कोरिया के बाजार में बड़ी गिरावट के बाद ट्रेडिंग 20 मिनट के लिए रोक दी गई। लेकिन, इसका ज्यादा असर नहीं दिखा। दोबारा ट्रेडिंग शुरू होने पर बिकवाली दबाव जारी रहा। खासकर सैमसंग और SK Hynix के शेयरों में बड़ा दबाव दिखा

अपडेटेड Jul 02, 2026 पर 2:45 PM
SK Hynix का शेयर 14.57 फीसदी गिरकर बंद हुआ। एक हफ्ते में यह शेयर 23 फीसदी से ज्यादा क्रैश कर चुका है।

दक्षिण कोरिया के शेयर बाजार में 2 जुलाई को भी बड़ी गिरावट आई। बाजार का प्रमुख सूचकांक कोस्पी 8 फीसदी क्रैश कर गया। हालांकि, कारोबार के अंत में यह 7.89 फीसदी गिरकर 7,648 पर बंद हुआ। यह बड़ी गिरावट का लगातार दूसरा दिन है। बाजार में गिरावट में चिप बनाने वाली शेयरों में बिकवाली का बड़ा हाथ रहा। कुछ दूसरे एशियाई बाजारों में भी बड़ी गिरावट आई।

दो शेयरों ने बाजार पर बढ़ाया दबाव

Samsung Electronics और SK Hynix के शेयरों में बड़ी गिरावट ने दक्षिण कोरिया के बाजार पर दबाव बढ़ा दिया। SK Hynix का शेयर 14.57 फीसदी गिरकर बंद हुआ। एक हफ्ते में यह शेयर 23 फीसदी से ज्यादा क्रैश कर चुका है। Samsung Electronics का शेयर 2 जुलाई को 9.06 फीसदी गिरकर बंद हुआ। एक हफ्ते में यह शेयर 19.21 फीसदी टूट चुका है। इसकी बड़ी वजह एआई और चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में कमजोर सेंटिमेंट है।


ट्रेडिंग 20 मिनट के लिए रोकनी पड़ी

दक्षिण कोरिया के बाजार में बड़ी गिरावट के बाद 2 जुलाई को ट्रेडिंग 20 मिनट के लिए रोक दी गई। लेकिन, इसका ज्यादा असर नहीं दिखा। दोबारा ट्रेडिंग शुरू होने पर बिकवाली दबाव जारी रहा। खासकर सैमसंग और SK Hynix के शेयरों में बड़ा दबाव दिखा। इन दोनों शेयरों की कोस्पी में आधा से ज्यादा वेटेज है। इसलिए इन दोनों शेयरों में बड़ी गिरावट का ज्यादा असर कोस्पी पर दिखता है। बीते कुछ हफ्तों में दोनों शेयरों पर बिकवाली का बड़ा दबाव दिखा है।

अमेरिकी चिप शेयरों में बड़ी गिरावट का असर

अमेरिका में टेक्नोलॉजी कंपनियों के शेयरों में 1 जुलाई को बड़ी गिरावट आई थी। इससे नैस्डेक 0.66 फीसदी गिरकर बंद हुआ। सबसे ज्यादा गिरावट चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में आई। Micron Technology और Sandisk Corp के शेयरों में 10 फीसदी से ज्यादा गिरावट आई। इसका असर 2 जुलाई को दक्षिण कोरिया सहित एशियाई बाजारों में चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों पर दिखा।

दक्षिण कोरिया के बाजार में इस साल सबसे ज्यादा तेजी

दक्षिण कोरिया के शेयर बाजारों में इस साल सबसे ज्यादा तेजी आई है। इस साल कोस्पी 77 फीसदी चढ़ा है। इसमें सेमीकंडक्टर कंपनियों के शेयरों में तेजी का बड़ा हाथ है। Samsung Electronics का शेयर इस साल 122 फीसदी चढ़ा है। बीते एक साल में यह शेयर 370 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। SK Hynix का शेयर इस साल 223 फीसदी चढ़ा है। बीते एक साल में इसमें 683 फीसदी तेजी आई है।

जापान और चीन के बाजारों में भी बड़ी गिरावट 

2 जुलाई को दूसरे बड़े एशियाई बाजारों में भी गिरावट दिखी। जापान का निक्केई 1.95 फीसदी गिर गया। चीन का शंघाई कंपोजिट 2 फीसदी से ज्यादा गिरकर बंद हुआ। इसमें टेक्नोलॉजी शेयरों में बड़ी बिकवाली का हाथ रहा। चीन में चिप बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग इंटरनेशनल का शेयर 11 फीसदी क्रैश कर गया था। हालांकि यह करीब 10 फीसदी गिरकर बंद हुआ। Hua Hong Grace का शेयर 14 फीसदी क्रैश कर गया था। यह 9.86 फीसदी गिरकर बंद हुआ। यह कंपनी भी चिप बनाती है।

यह भी पढ़ें: LIC सहित इन 8 कंपनियों और बैंकों में हिस्सेदारी बेचेगी सरकार, IDBI Bank का शेयर 2.46% उछला

भारत में आईटी कंपनियों के शेयरों को लगे पंख

इधर, भारत में गुरुवार को आईटी कंपनियों में जबर्दस्त तेजी आई। निफ्टी आईटी इंडेक्स 4.47 फीसदी ऊपर चल रहा था। TCS का शेयर 4 फीसदी ऊपर चल रहा था। इंफोसिस के शेयर में 5.44 फीसदी की तेजी आई। एचसीएल टेक का शेयर 4.18 फीसदी की तेजी दिखा रहा था। विप्रो में 2.2 फीसदी की तेजी थी। Persistent Systems भी 4.98 फीसदी ऊपर चल रहा था। कोफोर्ज में 5.36 फीसदी की तेजी आई।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।