बजट एयरलाइन स्पाइसजेट (SpiceJet) ने 2 साल से कर्मचारी भविष्य निधि मद में बकाया 160.07 करोड़ रुपये का पेमेंट कर दिया है। कंपनी ने शुक्रवार, 13 दिसंबर को यह जानकारी दी। कई तरह की चुनौतियों का सामना कर रही एयरलाइन ने 3 महीने पहले ही क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) के माध्यम से 3,000 करोड़ रुपये जुटाए थे। उसके बाद से स्पाइसजेट वैधानिक देनदारियों, GST (माल और सेवा कर), TDS (टैक्स डिडक्टेड एट सोर्स) और अन्य बकाए का भुगतान कर रही है।
एयरलाइन ने एक बयान में कहा कि दो वर्षों से अधिक समय से बकाया 160.07 करोड़ रुपये के कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) बकाए का भुगतान कर दिया गया है। एयरलाइन ने एयरक्राफ्ट लीज पर देने वालों और अन्य लेनदारों के साथ विभिन्न विवादों को भी सुलझा लिया है।
SpiceJet की यात्रा में यह एक नया चैप्टर
स्पाइसजेट के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अजय सिंह का कहना है, 'हमें कर्मचारियों के सभी पेंडिंग PF बकाया के भुगतान की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। यह स्पाइसजेट की यात्रा में एक नया चैप्टर है। सभी पेंडिंग वैधानिक बकाया का भुगतान करके और एयरक्राफ्ट लीज पर देन वालों और लेनदारों के साथ विवादों का निपटारा करके, हम ऑपरेशनल एक्सीलेंस, फाइनेंशियल प्रूडेंस और अपने कर्मचारियों के कल्याण के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता का प्रदर्शन कर रहे हैं।'
6 महीनों में शेयर 18 प्रतिशत नीचे
शुक्रवार, 13 दिसंबर को BSE पर स्पाइसजेट का शेयर 1.38 प्रतिशत बढ़कर 58.59 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीनों में शेयर 18 प्रतिशत और एक सप्ताह में 4 प्रतिशत नीचे आया है। कंपनी का मार्केट कैप 7500 करोड़ रुपये है। बीएसई के डेटा के मुताबिक, सितंबर 2024 के आखिर तक स्पाइसजेट में प्रमोटर्स के पास 29.13 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। बीएसई के डेटा के मुताबिक, अप्रैल-जून 2024 तिमाही में स्पाइसजेट का रेवेन्यू 1,695.52 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 149.96 करोड़ रुपये रहा था।