NMDC Steel Shares: एनएमडीसी स्टील के चालू वित्त वर्ष 2026 की शुरुआत धमाकेदार रही। पहली बार कंपनी मुनाफे में आई तो आज शेयरों ने भी इसका जश्न मनाया। निवेशकों की ताबड़तोड़ खरीदारी से इंट्रा-डे में आज इसके शेयर रॉकेट बन गए। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया लेकिन फिर यह संभल गया। उछलकर बीएसई पर यह 20% की बढ़त के साथ ₹43.10 के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर बंद भी हुआ। एनएमडीसी स्टील ने 12 अगस्त को इक्विटी मार्केट का कारोबार बंद होने के बाद जून तिमाही के कारोबारी नतीजे जारी किए थे।
NMDC Steel के लिए कैसी रही जून तिमाही?
चालू वित्त वर्ष 2026 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2025 में एनएमडीसी स्टील सालाना आधार पर ₹547 करोड़ के शुद्ध घाटे से उबरकर ₹26 करोड़ के शुद्ध मुनाफे में आ गई। पहली बार कंपनी को मुनाफा हुआ है। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी 66% उछलकर ₹3,365 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो कंपनी का ईबीआईटीडीए यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट जून तिमाही में ₹408 करोड़ रहा जबकि पिछले साल की समान अवधि में इसे ₹401 करोड़ का ऑपरेटिंग लॉस हुआ था। जून 2025 तिमाही में ऑपरेटिंग मार्जिन12% रहा। जून तिमाही में कंपनी के धमाकेदार परफॉरमेंस की वजह कीमतों में उछाल और क्षमता में बढ़ोतरी रही जिसके चलते ऑपरेटिंग लेवरेज में बढ़ोतरी हुई।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
एनएमडीसी के शेयरों की घरेलू स्टॉक मार्केट में 20 फरवरी 2023 को एंट्री हुई थी। इसके शेयर एनएमडीसी से अलग होकर लिस्ट हुए थे। इसके शेयरों का सफर ₹31.75 के भाव से हुआ था और एनएमडीसी के शेयरहोल्डर्स को एक शेयर पर एक शेयर एनएमडीसी स्टील के शेयर मिले थे। एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 26 अगस्त 2024 को एक साल के हाई ₹56.24 पर थे जिससे 8 महीने से कम समय में यह 49.59% फिसलकर 7 अप्रैल 2025 को यह एक साल के निचले स्तर ₹28.35 पर आ गया। पिछले साल फरवरी में यह ₹73 के पार पहुंचा था।
विदेशी निवेशकों के पोर्टफोलियो में भी है शेयर
जून तिमाही के शेयरहोल्डिंग पैटर्न के मुताबिक एनएमडीसी स्टील में सरकार की हिस्सेदारी 60.79% हिस्सेदारी है। वहीं पब्लिक शेयरहोल्डर्स की बात करें तो 9 इंश्योरेंस कंपनियों के पास 14.87% होल्डिंग है जिसमें से 14.00% हिस्सेदारी एलआईसी की है। इसके अलावा 15 म्यूचुअल फंड्स के पास इसकी 0.40% हिस्सेदारी है। इसमें विदेशी निवेशकों की 4.67% हिस्सेदारी है। वहीं ₹2 लाख तक के निवेश वाले 30,77,34,275 रिटेल इंवेस्टर्स के पास इसकी 10.50% होल्डिंग है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।