IIFL Finance Share: फाइनेंस और इनवेस्टमेंट सर्विसेज कंपनी IIFL Finance के शेयरों के लिए स्टॉक एक्सचेंजेस ने सर्किट लिमिट घटाकर 10 प्रतिशत कर दी है। पहले यह लिमिट 20 प्रतिशत थी। सर्किट लिमिट कम होने का मतलब है कि अब इंट्रा डे में शेयर के 10 प्रतिशत टूटने पर लोअर सर्किट और 10 प्रतिशत चढ़ने पर अपर सर्किट लग जाएगा। पहले ऐसा 20 प्रतिशत के उतार-चढ़ाव पर होता था। IIFL Finance में पिछले दो कारोबारी सेशंस से लोअर सर्किट लग रहा है। दरअसल RBI ने कंपनी को गोल्ड लोन देने से रोक दिया है। यह कदम सुपरवाइजरी से जुड़ी चिंताओं के चलते उठाया गया। इस एक्शन से पिछले दो कारोबारी सेशंस में शेयर में भारी बिकवाली देखने को मिली।
बीएसई पर 6 मार्च को शेयर 382.80 रुपये पर क्लोज हुआ। IIFL Finance शेयर पिछले दो कारोबारी सेशंस में 35.85 प्रतिशत नीचे आया है। कंपनी का मार्केट कैप गिरकर 14603 करोड़ रुपये पर आ गया है। शेयर का 52 सप्ताह का निचला स्तर 382.80 रुपये है।
IIFL Finance का गोल्ड लोन पोर्टफोलियो
IIFL Finance का गोल्ड लोन पोर्टफोलियो दिसंबर 2023 तिमाही में सालाना आधार पर 35 प्रतिशत उछलकर 24,692 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी 25 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों के 2721 नगरों और शहरों में गोल्ड लोन मुहैया कराती है। गोल्ड लोन के अलावा यह बिजनेस लोन, पर्सनल लोन भी देती है।
जेफरीज ने घटाई IIFL Finance शेयर की रेटिंग
वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने IIFL Finance पर रेटिंग को 'खरीद' से घटाकर 'होल्ड' कर दिया है। ब्रोकरेज ने टारगेट प्राइस 765 रुपये से घटाकर 435 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। जेफरीज के विश्लेषकों ने कहा कि गोल्ड लोन पर प्रतिबंध से IIFL Finance के मुनाफे पर असर पड़ने की आशंका है। हालांकि इस बीच कंपनी के एक शेयहोल्डर फेयरफैक्स इंडिया (Fiarfax India) इसे 20 करोड़ डॉलर तक का लिक्विडिटी सपोर्ट मुहैया कराने को राजी हो गई है। फेयरफैक्स इंडिया होल्डिंग कॉरपोरेशन, IIFL Finance की लंबे समय से निवेशक है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।