Stock Market Closing Bell: मिडिल-ईस्ट में बढ़ते तनाव, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल और दिग्गज कंपनियों के लिए उम्मीद से कमजोर तिमाही ने आज लगातार पांचवे दिन मार्केट में बिकवाली का भारी दबाव बनाया। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) आज इंट्रा-डे में एक फीसदी से अधिक नीचे गिर गए थे। इंट्रा-डे में निफ्टी 19100 और सेंसेक्स 64000 के नीचे आ गया था। दिन के आखिरी में निफ्टी 159.60 प्वाइंट्स यानी 0.83 फीसदी की गिरावट के साथ 19122.15 और सेंसेक्स 522.82 प्वाइंट्स यानी 0.81 फीसदी की गिरावट के साथ 64049.06 पर बंद हुआ है। मार्केट की इस भगदड़ में आज निवेशकों के 2.09 लाख करोड़ रुपये डूब गए। पांच कारोबारी दिनों में निवेशकों के 14.6 लाख करोड़ रुपये डूब चुके हैं।
निवेशकों ने गंवाए 2.09 लाख करोड़ रुपये
बाजार की गिरावट के बीच आज निवेशकों को भारी घाटा हुआ। एक कारोबारी दिन पहले यानी 23 अक्टूबर 2023 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप 311.31 लाख करोड़ रुपये था। आज यानी 24 अक्टूबर 2023 को यह गिरकर 309.22 लाख करोड़ रुपये रह गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी में आज 2.09 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
Sensex के सिर्फ 6 शेयर ग्रीन जोन में बंद
सेंसेक्स पर 30 शेयर लिस्टेड हैं जिसमें से सिर्फ 6 ही आज ग्रीन जोन में बंद हुए हैं। इसमें भी सबसे अधिक तेजी आज टाटा स्टील, एसबीआई और एमएंडएम में रही। वहीं दूसरी तरफ आज इंफोसिस, भारती एयरटेल और एनटीपीसी में सबसे अधिक गिरावट रही। नीचे सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी शेयरों के लेटेस्ट भाव और आज उतार-चढ़ाव की डिटेल्स देख सकते हैं-
सिर्फ 14 शेयरों ने आज छुआ अपर सर्किट
बीएसई पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक इसके 3795 शेयरों की आज ट्रेडिंग हुई जिसमें से 1223 में तेजी रही, 2464 में गिरावट और 108 में कोई बदलाव ही नहीं हुआ। वहीं 105 शेयरों ने 52 हफ्ते का हाई छू लिया और 65 शेयर 52 हफ्ते के निचले स्तर पर आ गए। इसके अलावा 14 शेयर अपर सर्किट पर चले गए तो 3 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।