Stock Market Crash: रेपो रेट में बढ़ोतरी ने मार्केट को आज तोड़ दिया। वैसे बढ़ोतरी के आसार पहले से ही थे तो ऐलान से पहले ही आज मार्केट में दबाव दिखने लगा था और ऐलान के बाद यह और नीचे आ गया। सेंसेक्स 500 प्वाइंट्स से अधिक टूट गया तो निफ्टी भी फिसलकर 22600 के नीचे आ गया। हालांकि ब्रोडर लेवल पर मिला-जुला रुझान है और निफ्टी मिडकैप 100 लाल है तो निफ्टी स्मॉलकैप 100 में हल्की बढ़त है। फिलहाल 10:10 AM पर सेंसेक्स (Sensex) 397.02 प्वाइंट्स यानी 0.54% की गिरावट के साथ 72,670.79 और निफ्टी (Nifty) भी 157.45 प्वाइंट्स यानी 0.69% की फिसलन के साथ 22,618.65 पर है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 547.08 प्वाइंट्स टूटकर 72,520.73 और निफ्टी भी 197.85 प्वाइंट्स गिरकर 22,578.25 तक आ गया था।
Stock Market Crash: ये है वजह
आरबीआई ने ब्याज दरों में 25 बीपीएस की बढ़ोतरी तो मार्केट फिसल गया। फरवरी 2023 के बाद से पहली बार इसमें बढ़ोतरी हुई है। ब्रोकरेज फर्म जेएम फाइनेंशियल का कहना है कि ब्याज दरें बढ़ने से नॉन-बैंक लेंडर्स के मार्जिन पर दबाव पड़ेगा क्योंकि लोन से होने वाली कमाई की तुलना में फंडिंग की लागत तेजी से बढ़ेगी। इसका असर फिक्स्ड-रेट वाले वेईकल और माइक्रोफाइनेंस लेंडर्स पर अधिक होगा, जबकि फ्लोटिंग-रेट वाले हाउसिंग फाइनेंसर की स्थिति इसकी तुलना में बेहतर होगी।
पश्चिमी एशिया से सप्लाई बढ़ने के बावजूद अमेरिका में तेल उत्पादन पर तूफान के खतरे और सऊदी अरब पर हूथी हमलों की वजह से ब्रेंट क्रूड की कीमत लगभग 1% बढ़कर $101 के पार गई तो इसकी आंच में मार्केट झुलस गया।
विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली
FIIs ने लगातार आठवें कारोबारी दिन मंगलवार 6 अक्टूबर को ₹2,961.30 करोड़ के नेट शेयर बेचे।
जियोजीत इंवेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स का कहना है कि एक कारोबारी दिन पहले की रैली अनुमान के मुताबिक ही 22800 के लेवल के पास रुक गई लेकिन इसके आगे बढ़ने की उम्मीद तो है और मार्केट 22930 या 23100-220 के लेवल तक जा सकता है। हालांकि नीचे फिसलने के भी आसार हैं और मार्केट 22690 के ऊपर नहीं टिक पाता है तो उतार-चढ़ाव आ सकता है, लेकिन जब तक गिरावट 22574 तक सीमित रहती है, तब तक तेजी लौटने की उम्मीद रहेगी। आनंद के मुताबिक अभी निफ्टी के 22050 के नीचे बड़ी गिरावट के आसार नहीं हैं।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।