Stock Market Crash: अमेरिका और ईरान के बीच तनातनी फिर गहराने के चलते कच्चा तेल उबल पड़ा। इसके अलावा रुपया भी फिसलकर रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। इसने मिलकर घरेलू मार्केट में ऐसा कोहराम मचाया कि घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) धड़ाम हो गए। सेंसेक्स 1000 प्वाइंट्स से अधिक टूट गया तो निफ्टी भी फिसलकर 23350 के नीचे आ गया। सेक्टरवाइज निफ्टी पीसययू बैंक और निफ्टी रियल्टी ढाई-ढाई फीसदी से अधिक फिसल गए तो ऑटो और मेटल सेक्टर का भी निफ्टी इंडेक्स 2-2% से अधिक टूटा है। आईटी सेक्टर जरूर संभालने की कोशिश कर रहा लेकिन इसका भी निफ्टी इंडेक्स आधे फीसदी से कम ही मजबूत है।
सेंसेक्स और निफ्टी की बात करें तो फिलहाल 10:15 AM पर सेंसेक्स 913.86 प्वाइंट्स यानी 1.21% की गिरावट के साथ 74,324.13 और निफ्टी 283.90 प्वाइंट्स यानी 1.20% की फिसलन के साथ 23,359.60 पर है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 1057.73 प्वाइंट्स गिरकर 74,180.26 और निफ्टी 326.40 प्वाइंट्स फिसलकर 23,317.10 तक आ गया था।
Why Stock Market Crash: ये है वजह
अमेरिका-ईरान के बीच तनाव
ईरान द्वारा अमेरिकी प्रस्तावों को खारिज करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने धमकी दी है कि ईरान जल्दी से आगे बढ़े, वरना उनका कुछ भी बाकी नहीं बचेगा। वहीं दूसरी तरफ ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने फारस की खाड़ी में स्थित अमेरिकी मिलिट्री बेस को तबाह करने की खुली धमकी दी है। इससे दुनिया भर में हाहाकार मचा हुआ है।
कच्चे तेल में उबाल
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव ने कच्चे तेल में उबाल ला दिया। ब्रेंट क्रूड उछलकर फिर प्रति बैरल $110 के पार चला गया।
वैश्विक बाजारों से कमजोर संकेत
दुनिया भर के बाजारों में बिकवाली का भारी दबाव है। ओवरनाइट अमेरिका मार्केट में एसएंडपी 500 (S&P 500) और नास्डाक (Nasdaq) 1-1% से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुए तो यूरोपीय मार्केट में भी हाहाकार रहा। जर्मनी का डीएक्स 2% से अधिक तो फ्रांस का सीएससी और ब्रिटेन का एफटीएसई डेढ़-डेढ़ फीसदी से अधिक टूट गया। एशियाई बाजारों में भी स्थिति अच्छी नहीं है। इंडोनेशिया का जकार्ता कंपोजिट 4% से अधिक तो हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सैंग भी 1% से अधिक टूट गया। वहीं जापान का निक्केई 225 अभी आधे फीसदी से अधिक तो सिंगापुर का स्ट्रेट टाइम्स करीब आधे फीसदी कमजोर दिख रहा है। चीन का शंघाई कंपोजिट भी लाल है।
रुपये की तेज गिरावट
डॉलर के मुकाबले रुपया आज 21 पैसे कमजोर होकर नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर फिसल गया। फिलहाल यह 96.17 पर है। शुक्रवार को पहली बार रुपये ने डॉलर के मुकाबले 96 के मनोवैज्ञानिक लेवल को पार किया था।
India VIX में उछाल
मार्केट की घबराहट को मापने वाला इंडिया वीआईएक्स उछला तो निवेशकों की चिंता बढ़ गई। मार्केट में वोलैटिलिटी बढ़ी है। फिलहाल इंडिया विक्स 5.52% के उछाल के साथ 19.83 पर है।
