Stock Market Crash: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन और जून सीरीज में निफ्टी की पहली वीकली एक्सपायरी के एक दिन पहले आज मार्केट में काफी उठा-पटक दिखी। शुरुआती कारोबार में तो घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) एक कारोबारी दिन पहले की करीब डेढ़ फीसदी की गिरावट से उबरते हुए करीब आधे फीसदी उछल पड़े। सेंसेक्स 550 प्वाइंट्स से अधिक उछल पड़ा तो निफ्टी भी 23700 के पार चला गया। हालांकि ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली के चलते सेंसेक्स 1100 प्वाइंट्स से अधिक फिसल गया तो निफ्टी भी गिरकर 23400 के नीचे आ गया।
दिन के आखिरी में आज सेंसेक्स (Sensex) 508.40 प्वाइंट्स यानी 0.68% की गिरावट के साथ 74,267.34 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 165.15 प्वाइंट्स यानी 0.70% की फिसलन के साथ 23,382.60 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 592.19 प्वाइंट्स उछलकर 75,367.93 और निफ्टी 185.95 प्वाइंट्स बढ़कर 23,733.70 तक पहुंच गया था। ऊपरी स्तर से सेंसेक्स 1164.25 प्वाइंट्स फिसलकर 74,203.68 और निफ्टी 50 भी 375.75 प्वाइंट्स गिरकर 23,357.95 तक आ गया था। ब्रोडर लेवल पर आज मार्केट में दबाव रहा। निफ्टी मिडकैप 100 तो 1.45% की गिरावट के साथ बंद हुआ तो शुरुआती बढ़त गंवाते हुए निफ्टी स्मॉलकैप 100 भी आधे फीसदी से अधिक कमजोर हुआ।
Stock Market Crash: ये है वजह
अमेरिका और ईरान के बीच एक बार तनातनी ने दुनिया भर में कोहराम मचा दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक तरफ इजरायल की सेना ने दक्षिणी लेबनान में एंट्री कर कुछ हिस्सों पर कब्जा किया तो दूसरी तरफ अमेरिका ने ईरान के रडार-ड्रोन कंट्रोल साइट्स पर निशाना बनाया और ईरान ने भी जवाबी हमले में एयरबेस को निशाना बनाया।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के सपोर्ट वाले हिजबुल्लाह मिलिटेंट ग्रुप के साथ लड़ाई में इजराइल के सैनिकों को लेबनान में और आगे बढ़ने के ऑर्डर पर कच्चा तेल उबल पड़ा।
एफएमसीजी सेक्टर ने बनाया दबाव
सेक्टरवाइज आईटी सेक्टर ने आज मार्केट को संभालने की काफी कोशिश की और निफ्टी आईटी आखिरी तक मजबूत रहा और ढाई फीसदी से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ। निफ्टी मेटल भी आधा फीसदी मजबूत हुआ। वहीं दूसरी तरफ निफ्टी एफएमसीजी में ढाई फीसदी से अधिक तो निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी ऑटो में करीब 2-2% की गिरावट आई। निफ्टी रियल्टी भी 2% से अधिक फिसलकर बंद हुआ। निफ्टी बैंक 1% से अधिक कमजोर हुआ।
आज मार्केट में रिकवरी का कई निवेशकों ने फायदा उठाया और ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली के चलते मार्केट में नरमी आई।
मार्केट की घबराहट को मापने वाला इंडिया वीआईएक्स उछला तो निवेशकों की घबराट बढ़ी। शुरुआती कारोबार में आज यह 16 के नीचे था, जिससे रिवर्स होकर आज इंडिया विक्स 2.20% के उछाल के साथ 16.54 पर बंद हुआ है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।