शेयर बाजार में शुक्रवार, 7 अगस्त को गिरावट रही। इससे पहले लगातार दो कारोबारी सत्रों में तेजी रही थी। शुक्रवार को सेंसेक्स लाल निशान में 78,516.08 पर खुला। फिर पिछली क्लोजिंग से 577.69 अंक तक टूटकर 78,377.07 के लो तक गया। इसी तरह निफ्टी भी गिरावट के साथ 24,538.90 पर खुला। फिर पिछली क्लोजिंग से 113.25 अंक तक टूटकर 24,522.75 के लो तक गया। बाद में सेंसेक्स 455.59 अंकों की गिरावट के साथ 78,499.17 पर और निफ्टी 65.35 अंकों की गिरावट के साथ 24,570.65 पर बंद हुआ।
गुरुवार को सेंसेक्स 373.76 अंक या 0.48 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78,954.76 पर बंद हुआ था। निफ्टी 11.35 अंक या 0.05 प्रतिशत बढ़कर 24,636 पर बंद हुआ था। आइए जानते हैं Stock Market में शुक्रवार को लौटी गिरावट के अहम कारण डिटेल में...
कच्चे तेल की कीमतों में दिन में दिखी तेजी
दिन में ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क, ब्रेंट क्रूड की कीमत में तेजी दिखी थी। भाव चढ़कर 83.8 डॉलर प्रति बैरल तक चला गया था। लेकिन बाद में तेल की कीमत में गिरावट आई। कच्चे तेल का भाव बढ़ना भारत के लिए एक नेगेटिव फैक्टर है क्योंकि देश अपनी कच्चे तेल की कुल जरूरत का ज्यादातर हिस्सा आयात के जरिए पूरा करता है। तेल की बढ़ती कीमतें आयात की लागत बढ़ा सकती हैं, जिससे व्यापार घाटा बढ़ सकता है। साथ ही देश के अंदर महंगाई भी बढ़ सकती है।
वित्तीय शेयरों में गिरावट
शुक्रवार को फाइनेंशियल स्टॉक्स दबाव में रहे। बजाज फाइनेंस का शेयर लगभग 6 प्रतिशत टूटा। इसकी पेरेंट कंपनी बजाज फिनसर्व में भी लगभग 4 प्रतिशत की गिरावट दिखी। निफ्टी बैंक 0.55 प्रतिशत नीचे है, जबकि फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में 1.4 प्रतिशत की गिरावट आई। निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स भी 1 प्रतिशत लुढ़का।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने गुरुवार को 17.86 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। विदेशी निवेशकों की बिकवाली से निवेशकों का भरोसा कमजोर होता है।
एशियाई बाजारों में गिरावट और तेजी का मिलाजुला रुख रहा। दक्षिण कोरिया का KOSPI और जापान का Nikkei 225 इंडेक्स लाल निशान में रहे। ताइवान वेटेड और SET कंपोजिट में भी गिरावट रही। वहीं हेंग सेंग, जकार्ता कंपोजिट, शंघाई कंपोजिट में तेजी रही। गुरुवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे।
मार्केट में अस्थिरता का पैमाना India VIX दिन में 3 प्रतिशत बढ़कर 12.55 पर पहुंच गया। यह निवेशकों के बीच बढ़ती अनिश्चितता का संकेत देता है। बाद में यह 0.18 प्रतिशत के उछाल के साथ 12.18 पर सेटल हुआ।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।