Stock market holiday: भारतीय शेयर बाजार आज बुधवार, 25 दिसंबर को बंद रहेंगे। दरअसल, आज क्रिसमस (Christmas) के त्योहार के चलते BSE और NSE में ट्रेडिंग नहीं होगी। इसके अलावा, आज शेयर बाजार के साथ-साथ करेंसी डेरिवेटिव्स, कमोडिटी डेरिवेटिव्स और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट्स (EGR) सेगमेंट्स में भी ट्रेडिंग नहीं होगी। 2024 में बीएसई और एनएसई पर कुल 16 छुट्टियां मनाई गई। पहली छुट्टी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर थी। वहीं, क्रिसमस के चलते आज वर्ष की अंतिम छुट्टी है।
इस हफ्ते केवल 4 कारोबारी दिन
क्रिसमस की छुट्टी के चलते 27 दिसंबर को समाप्त होने वाले इस सप्ताह में केवल चार कारोबारी दिन होंगे। पिछले हफ्ते 5 फीसदी की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार के बेंचमार्क, सेंसेक्स और निफ्टी 50 में इस सप्ताह कुछ रिकवरी देखने को मिली है। इस हफ्ते अब तक शेयर बाजार लगभग आधा फीसदी चढ़ा है, जिससे निवेशकों को मामूली राहत मिली है।
2025 में शेयर बाजार में होंगी 14 छुट्टियां
बीएसई (BSE) के अनुसार 2025 में शेयर बाजार के 14 अवकाश होंगे। पहला अवकाश 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर पड़ेगा। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का अवकाश रविवार को होने के कारण शेयर बाजार बंद नहीं रहेगा। अगले वर्ष का आखिरी अवकाश 25 दिसंबर को क्रिसमस के लिए ही होगा। दिवाली पर आयोजित होने वाले मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन मंगलवार, 21 अक्टूबर को किया जाएगा। मुहूर्त ट्रेडिंग के समय की जानकारी बाद में एनएसई (NSE) और बीएसई (BSE) द्वारा दी जाएगी।
2025 में बाजार के लिए ये है अनुमान
एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि शेयर बाजार में 2025 की पहली छमाही में वोलैटिलिटी देखने को मिल सकती है। हालांकि, उनका मानना है कि कंपनियों के मुनाफे में सुधार, सरकार का खर्च बढ़ने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों की नीति पर स्पष्टता आने से बाजार में कुछ सुधार देखने को मिल सकता है।