Stock Market Insight : एक तरफ डॉलर-रुपया और क्रूड बाजार पर लगातार दबाव बना रहे हैं। दूसरी ओर बाजार इनके खिलाफ मजबूती भी दिखा रहा है। ऐसे में बाजार के आउटलुक पर बात करते हुए मोतीलाल ओसवाल प्राइवेट वेल्थ के पीएमएस के इक्विटीज हेड अमित गुप्ता ने कहा कि 22000 की तरफ जो पिछली गिरावट आई थी उसके अंदर इस दो साल के कंसोलिडेशन में हमने पहली बार देखा कि मिड और स्माल कैप्स अब इंडेक्स को आउटपरफॉर्म कर रहे हैं। ये बहुत अच्छा संकेत है। हमने पिछले दो साल में रुपए को 83-84 से 94-96 के स्तर तक गिरते देखा है। इस अवधि में एफआईआई ने 20 अरब डॉलर के ऊपर की बिकवाली की। आज एफआईआई की होल्डिंग 15 साल के लो पर है। इंडियन इक्विटी में इनका स्टेक 14-15 फीसदी के आसपासहै। पहले उनकी हिस्सेदारी 21-22 फीसदी के आसपास रहती थी।
FIIs के नजरिए से इंडिया अब एक अट्रैक्टिव लेवल पर
अगर हम इमर्जिंग मार्केट में इंडिया का प्रीमियम देखें तो वह 74 फीसदी से घटकर 27 फीसदी पर आ गया है। इसकी वजह यह है हमारे बाजारों की तुलना में कोरियन, चाइना,ब्राजील और जापान के मार्केट ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। ओवरऑल इमर्जिंग मार्केट्स में बहुत अच्छा मूव आया जो हमारे मार्केट में नहीं आया। इससे हमारा प्रीमियम घट गया। अगर पिछले 10 साल का भी एवरेज देखें और लोएस्ट प्वाइंट उठाएं तो हमारा प्रीमियम 22 फीसदी आता है। अगर आप बाजार को किसी एफआईआई के नजरिए से देखें तो पिछले दो साल में जितनी भी नेगेटिव न्यूज़ आई हैं, उसके चलते जो आउटफ्लो हुआ है उसकी वजह से इंडिया अब एक अट्रैक्टिव लेवल पर आ चुका है। इसीलिए मिड और स्माल कैप्स के अंदर हमें रिलेटिव आउट परफॉर्मेंस देखने को मिल रहा।
इसके अलावा हमारे देश की जीडीपी में 4 लाख करोड़ से 8 लाख करोड़ डॉलर का जो मूव आने वाला है, उसके चलते मिड और स्माल कैप्स में बहुत सारी कंपनियां आगे बहुत अच्छा प्रदर्शन करती दिख सकती हैं। हमें इस सेगमेंट में सेलेक्टिव बाइंग करनी चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि अगर आप मार्च की गिरावट और अप्रैल के पुलबैक को कंबाइन करें और चार ऐसे सेक्टर्स चुनें जिनमें तुलनात्मक रूप से बहुत अच्छा मनी फ्लो देखने को मिला है तो उसमें नंबर वन पर है पावर सेक्टर। पावर सेक्टर 2026 के लिए एक मजबूत थीम है,क्योंकि हम लोग बहुत गरम सीजन में हैं। पीक पावर डिमांड ऑलरेडी 256 गीगावाट पहुंच चुकी है। इस मतलब ये है कि पावर सेक्टर पिकअप कर रहा है। डेटा सेंटर्स के लिए पावर की बढ़ती मांग भी इस सेक्टर के शेयरों को सपोर्ट करेगी।
कैपिटल गुड्स, मेटल्स और फार्मा शेयरों में दिखेगी तेजी
अमित गुप्ता को पावर के अलावा कैपिटल गुड्स, मेटल्स और फार्मा शेयर भी काफी अच्छे लग रहे है। ये ऐसे चार सेक्टर्स हैं जिन्होंने तुलनात्मक रूप से मजबूती दिखाई है। इन सेक्टरों में काफी अच्छे मिड और स्माल कैप शेयर देखने को मिलेंगे।
गोल्ड की कीमतों में उछाल से दक्षिण भारत स्थित बैंकों की री-रेटिंग संभव
अमित गुप्ता ने इस बातचीत में बताया कि IT शेयरों में उनका निवेश नहीं है। हालांकि इनका वैल्युएशन अच्छा है। लार्जकैप से ज्यादा मिडकैप IT में ग्रोथ संभव है। मिडकैप IT में AI का एक्सपोजर ज्यादा है। गोल्ड की कीमतों में उछाल से दक्षिण भारत स्थित बैंकों की री-रेटिंग संभव हैं। इसके अलावा फार्मा में बायोसिमिलर,जेनेरिक और CDMO जैसे थीम बेहतर दिख रहे हैं। फार्मा में भारत पर फोकस वाली कंपनियां ज्यादा बेहतर दिख रही हैं। कैपिटल मार्केट थीम के लिए ये अच्छा समय है। कैपिटल मार्केट में एक्सचेंज और वेल्थ मैनेजमेंट थीम पसंद हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।