Stock Market Opening Bell: वैश्विक मार्केट से मिले-जुले संकेतों के बीच घरेलू मार्केट में भी कारोबार की कमजोर शुरुआत हुई। एक कारोबारी दिन घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स और निफ्टी 50, दोनों ही एक फीसदी से अधिक टूटकर बंद हुए थे। आज फिर इनमें बिकवाली का भारी दबाव दिख रहा है। फार्मा को छोड़ किसी भी सेक्टर का इंडेक्स ग्रीन नहीं है। ओवरऑल बात करें तो मार्केट में बिकवाली का काफी दबाव है। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर आज भी औधे मुंह गिरे पड़े हैं। इसके चलते BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 2.47 लाख करोड़ रुपये घट गया है यानी निवेशकों की दौलत मार्केट खुलते ही 2.47 लाख करोड़ रुपये घट गई है।
अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सों की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) फिलहाल 0.26 फीसदी की कमजोरी के साथ 72576.17 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 0.21 फीसदी टूटकर 21951.75 पर है। एक कारोबारी दिन पहले भारी गिरावट के साथ सेंसेक्स 72761.89 और निफ्टी 21997.70 पर बंद हुआ था।
निवेशकों की दौलत में 2.47 लाख करोड़ रुपये की गिरावट
एक कारोबारी दिन पहले यानी 13 मार्च 2024 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप 3,72,16,602.67 करोड़ रुपये था। आज यानी 14 मार्च 2024 को मार्केट खुलते ही यह उछलकर 3,69,69,765.22 करोड़ रुपये रह गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी 246,837.45 करोड़ रुपये घट गई है।
Sensex के सिर्फ 10 शेयर ग्रीन जोन में
सेंसेक्स पर 30 शेयर लिस्टेड हैं जिसमें 10 ही ग्रीन जोन में हैं। सबसे अधिक तेजी रिलायंस, इंफोसिस औ एलएंडटी में है। वहीं दूसरी तरफ टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस और टेक महिंद्रा में आज सबसे अधिक गिरावट है। नीचे सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी शेयरों के लेटेस्ट भाव और आज उतार-चढ़ाव की डिटेल्स देख सकते हैं-
बीएसई पर आज 2554 शेयरों की ट्रेडिंग हो रही है। इसमें 690 शेयर मजबूत दिख रहे हैं तो 1729 में गिरावट का रुझान है और 135 में कोई बदलाव नहीं दिख रहा है। इसके अलावा 18 शेयर एक साल के हाई और 109 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 46 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 296 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।