Stock Market Rally: घरेलू स्टॉक मार्केट में आज लगातार छठे दिन रौनक है। इन छह दिनों की तेजी के साथ भारतीय मार्केट की वैल्यू एक बार फिर $5 ट्रिलियन के पार हो गई। इन छह कारोबारी दिनों में निवेशकों की दौलत में करीब ₹30 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है। इस दौरान सेंसेक्स (Sensex) करीब 6400 प्वाइंट्स ऊपर चढ़ गया तो निफ्टी 50 (Nifty 50) 22500 के नीचे आने के बाद तेजी से रिकवर होकर आज 24400 के पार पहुंच गया। निफ्टी के सभी 50 स्टॉक्स इस दौरान मजबूत हुए हैं और निफ्टी 8% से अधिक ऊपर चढ़ा। हालांकि ब्रोडर लेवल पर स्थिति थोड़ी कमजोर रही और मिडकैप इंडेक्स में 5% तो स्मॉलकैप इंडेक्स में 3% की तेजी आई।
इन वजहों से मार्केट में छाई रौनक
28 अक्टूबर के निचले स्तर से छह कारोबारी दिनों में सेंसेक्स और निफ्टी में 8-8% से अधिक की तेजी आई है। इन्हें कई बातों से सपोर्ट मिला है, जैसे कि कंपनियों के धमाकेदार कारोबार नतीजे, अमेरिकी मिडटर्म इलेक्शन में ट्रंप के रिपब्लिकशन पार्टी की शिकस्त और कच्चे तेल का धड़ाम होना।
विदेशी निवेशकों की ताबड़तोड़ खरीदारी ने इस माहौल को और मजबूत किया, जिन्होंने लगातार चार कारोबारी दिनों में ₹20,834.06 करोड़ के शेयरों की नेट खरीदारी की, जिसमें से सबसे अधिक यानी ₹7,284.03 करोड़ के शेयरों की नेट खरीदारी 4 नवंबर को की। विदेशी निवेशकों की खरीदारी को सेबी के प्रस्ताव से सपोर्ट मिला है। न्यूज एजेंसी रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक सेबी ने सरकार से FIIs को एलटीसीजी पर टैक्स से छूट का प्रस्ताव दिया है।
मार्केट ने $5 ट्रिलियन यानी $5 लाख करोड़ के मार्केट कैप का अहम मनोवैज्ञानिक स्तर छू लिया। अब निवेशकों को आने वाले हफ्तों में कुछ घरेलू और ग्लोबल बातों पर नजर रहेगी-
1. सितंबर तिमाही के नतीजों का दौर अब अपने आखिरी चरण में है। अधिकतर कंपनियों के नतीजे अब तक तो एनालिस्ट्स की उम्मीदों के मुताबिक रहे हैं या उनसे बेहतर रहे हैं।
2. दिसंबर में आने वाली आरबीआई की पॉलिसी पर नजर रहेगा। दिग्गज बैंकर उदय कोटक को उम्मीद है कि इस वित्त वर्ष 2027 के आखिरी तक आरबीआई दरों में 75 बेसिस पॉइंट्स की बढ़ोतरी करेगा। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि दिसंबर में 25 बेसिस पॉइंट्स की और बढ़ोतरी होती है या नहीं।
3. अमेरिका में हो रहे घटनाक्रमों पर भी मार्केट की कड़ी नजर रहेगी, खासतौर से ऐसे समय में, जब डेमोक्रेट्स ने सीनेट और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स, दोनों जगह मिडटर्म चुनावों में शानदार जीत हासिल की है। मार्केट की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या सरकार पर ईरान के साथ कोई समझौता करने का दबाव होगा, और क्या AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से जुड़ा कारोबार और कम होगा।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।