Stock Market Rally: घरेलू स्टॉक मार्केट में आज लगातार छठे दिन रौनक है। इन छह दिनों की तेजी के साथ भारतीय मार्केट की वैल्यू एक बार फिर $5 ट्रिलियन के पार हो गई। इन छह कारोबारी दिनों में निवेशकों की दौलत में करीब ₹30 लाख करोड़ का इजाफा हुआ है। इस दौरान सेंसेक्स (Sensex) करीब 6400 प्वाइंट्स ऊपर चढ़ गया तो निफ्टी 50 (Nifty 50) 22500 के नीचे आने के बाद तेजी से रिकवर होकर आज 24400 के पार पहुंच गया। निफ्टी के सभी 50 स्टॉक्स इस दौरान मजबूत हुए हैं और निफ्टी 8% से अधिक ऊपर चढ़ा। हालांकि ब्रोडर लेवल पर स्थिति थोड़ी कमजोर रही और मिडकैप इंडेक्स में 5% तो स्मॉलकैप इंडेक्स में 3% की तेजी आई।
